मंडी की 2 अंतरराज्यीय चौकियां बंद, बेरोक आ-जा सकेगा अनाज, कर चाेरी की आशंका

राज्य कृषि विपणन बोर्ड के आयुक्त द्वारा बुधवार रात जारी आदेश में मंडी की अंतरराज्यीय जांच चौकी का संचालन बंद करा दिया है। इसके परिपालन में गुरुवार से जिले में महाराष्ट्र सीमा पर मुलताई की गौनापुर और भैंसदेही में धाबा स्थित कृषि की जांच चौकी को बंद कर दिया है। इस कारण अब मंडी काे शुल्क के रूप में राजस्व का नुकसान होगा।
प्रदेश से अब व्यापारी बिना मंडी शुल्क दिए महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में अनाज काे भेजेंगे और लाएंगे। इस कारण सबसे अधिक नुकसान भैंसदेही और मुलताई मंडी को होगा। इन मंडियों के राजस्व का बड़ा केंद्र यह जांच चौकी ही थी। बिना मंडी के अनुज्ञा पत्र के महाराष्ट्र अनाज बेचने जा रहे या ला रहे व्यापारियों के अनाज की जांच चौकी में हो जाती थी और उनसे मंडी शुल्क वसूला जाता था। अब यह बंद हाे जाएगा।
इधर, मुलताई मंडी के अधीन आने वाली गौनापुर की जांच चौकी को बंद कर दिया है। मुलताई सहित आसपास के इलाके से बड़ी संख्या में व्यापारी अनाज लेकर महाराष्ट्र जाते हैं। गौनापुर चौकी बंद होने से व्यापारी बिना टैक्स चुकाए जाएंगे।

व्यापारियाें काे लाभ : बिना मंडी टैक्स चुकाए अनाज कहीं भी ले जा सकेंगे
भारत सरकार द्वारा 5 जून को पारित किए गए अध्यादेश से मूल मंडी, उपमंडी, डायरेक्ट क्रय केंद्र, तथा प्राइवेट मंडी यार्ड, प्राइवेट उप मंडी बोर्ड के बाहर कृषि उपज के व्यापार को मंडी शुल्क के साथ- साथ नियमन से मुक्त रखा गया है। प्रदेश के बाहर जाने वाली और प्रदेश में बाहर से आने वाली कृषि उपज को भी नियमन व्यवस्था से मुक्त किया गया है। इस आदेश के बाद अंतरराज्यीय जांच चौकी का संचालन बुधवार रात से बंद कर दिया गया। चौकी बंद करने से अनाज का अवैध व्यापार बेरोकटोक हाेगा।

हालत बिगड़ेगी : भैंसदेही मंडी की आय का प्रमुख स्रोत थी चौकी
भैंसदेही के महाराष्ट्र बॉर्डर पर धाबा पर जांच चौकी काे बंद कर दिया है। इस जांच चौकी से भैंसदेही मंडी से प्रतिमाह अनाज के 400 से 500 ट्रक गुजरते थे। पिछले चार माह में चौकी में बिना टैक्स के जाने वाले वाहनों पर कार्रवाई कर डेढ़ लाख रुपए की वसूली की थी। भैंसदेही के मंडी उपनिरीक्षक संजय भिलाला ने बताया चार माह में जांच चौकी पर बिना टैक्स चुकाए अनाज ले जाने वालाें से डेढ़ लाख रुपए वसूले थे। जांच चौकी मंडी के आय का मुख्य स्रोत थी।

नए नियम से बढ़ेगा अवैध व्यापार, राजस्व में आएगी कमी

मंडी की जांच चाैकी बंद होने से अनाज का अवैध व्यापार बढ़ेगा। जिले से बड़ी संख्या में व्यापारी महाराष्ट्र सहित अन्य प्रदेशों में अनाज सप्लाई करते हैं। पहले जांच चौकी हाेने के कारण व्यापारियों को बाहर ले जाने पर अनाज का मंडी टैक्स चुकाना पड़ता था। यदि वह मंडी टैक्स चुकाए बिना ही अनाज ले जाता था ताे चौकियों पर चेकिंग की दौरान उनसे टैक्स वसूला जाता था। अब चाैकी बंद हाेने से अनाज की सप्लाई बिना शुल्क चुकाए व्यापारी करेंगे। महाराष्ट्र सहित अन्य प्रदेशों में अनाज ले जाने पर कुल अनाज की राशि का डेढ़ प्रतिशत टैक्स लगता है।

जिले की दो जांच चौकियां बंद होने से मुलताई और भैंसदेही मंडी की आय के साथ मंडी बोर्ड की आय पर भी असर पड़ेगा। व्यापारी बिना रोकटोक अनाज दूसरे राज्यों में बिना मंडी टैक्स चुकाए ले जा सकेंगे।
स्वामीदीन वर्मा, सचिव, कृषि मंडी बैतूल

व्यापारियों को नुकसान होगा
जांच चौकी बंद होने से नंबर 2 का माल बिना रोकटोक जाएगा। सरकारी मंडी पर उसका नियंत्रण नहीं होगा। इससे मंडी में काम करने वाले व्यापारियों को नुकसान होगा। मंडी टैक्स की चोरी होगी।
प्रमोद अग्रवाल, व्यापारी प्रतिनिधि, मंडी



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
2 interstate posts of Mandi closed


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/381j1uB

Share this

0 Comment to "मंडी की 2 अंतरराज्यीय चौकियां बंद, बेरोक आ-जा सकेगा अनाज, कर चाेरी की आशंका"

Post a Comment