31 बाद धीरे-धीरे खुलेगा शहर, आज से निजी क्लिनिक शुरू

लाॅकडाउन 31 मई काे खत्म हाे रहा है, लेकिन इसके बाद भी शहर धीरे-धीरे ही खुलेगा। कलेक्टर मनीष सिंह ने शनिवार को बताया कि शहर एकदम से नहीं खुलेगा, सारी स्थिति को देखते हुए टुकड़ों में पाबंदियां हटाई जाएंगी। इसमें कम से कम 15 से 20 दिन लगेंगे।
इसी बीच, अति आवश्यक चीजों के लिए रियायतें देने का सिलसिला भी जारी है। जिला प्रशासन ने सभी निजी क्लिनिक, जनरल प्रैक्टिशनर्स, फैमिली फिजिशियन आदि क्लिनिक के साथ ही आयुष, होम्योपैथिक के रजिस्टर्ड डॉक्टर के क्लिनिक को खोलने के आदेश जारी कर दिए हैं। हालांकि कंटेनमेंट एरिया में कोई क्लिनिक नहीं खुलेगा। सभी डॉक्टर कोविड-19 से जुड़ी गाइडलाइन का पालन करेंगे। यथासंभव मरीजों को पहले से अपॉइंटमेंट के आधार पर ही आने दिया जाएगा। जिन डॉक्टर की उम्र 60 साल से अधिक है और कोमोर्बिनिटी (बीमारियां) हैं, वे दो माह तक क्लिनिक बंद ही रखेंगे। इसके अलावा सभी जोन के लिए 19 फीवर क्लिनिक खोलने के आदेश भी जारी किए गए हैं। यहां सुबह नौ से शाम चार बजे तक डॉक्टर मरीजों को देखेंगे।
25 मई से इंदौर एयरपोर्ट से फ्लाइट्स भी उड़ान भरने लगेंगी। दिनभर में 28 (आने-जाने में 14-14) फ्लाइट संचालित होंगी। इनमें दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा 10 फ्लाइट, जबकि अहमदाबाद, मुंबई के लिए 4-4 और किशनगढ़, हैदराबाद, बेलगाम के लिए 2-2 फ्लाइट उड़ान भरेंगी।
इसके अलावा गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने एसी, पंखे, कूलर व अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री बेचने वालों को ऑर्डर बुक कर डोर टू डोर सप्लाय करने की मंजूरी जारी कर दी है। फिलहाल चिह्नित शोरूम व एजेंसियां ऑनलाइन या फोन पर ऑर्डर लेंगी और गोदामों से ग्राहक के घर पर इनकी सप्लाय कर सकेंगी।
अस्पतालों में लगेंगी ट्रू नॉट मशीनें, एक घंटे में रिपोर्ट का पता लगेगा
कोरोना संदिग्धों की जांच बढ़ाने के लिए इंदौर के सरकारी अस्पतालों को तीन ट्र-नॉट मशीन मिलेगी। इससे एक घंटे में पता चल जाएगा कि सैंपल निगेटिव है या पॉजिटिव है। अगर पॉजिटिव आया तो कन्फर्मेंट्री टेस्ट किया जाएगा। उसमें भी एक घंटे में रिपोर्ट आ जाएगी। सीएमएचओ डॉ. प्रवीण जड़िया ने बताया कि इससे टीबी मरीजों की जांच भी हो सकेगी। अरण्य डिस्पेंसरी, पीसी सेठी अस्पताल और महू सिविल अस्पताल को ये मशीन मिलेगी। मशीन एक-दो दिन में आ जाएगी।
तीन अस्पतालों से एसआई सहित 26 मरीज स्वस्थ हो पहुंचे अपनों के बीच
तीन कोविड अस्पतालों से शनिवार को 26 मरीज स्वस्थ होकर अपनों के बीच पहुंचे। इनमें रावजी बाजार थाने के 45 वर्षीय एसआई आनंद वसुनिया औरडीआईजी ऑफिस में पदस्थ एसआई योगेश सोनी भी शामिल हैं। अरबिंदो से 23, एमआर टीबी से 2 और चोइथराम अस्पताल से 1 मरीज घर लौटे। बाणगंगा थाने के पुलिसकर्मियों ने अरबिंदो अस्पताल से डिस्चार्ज हुए मरीजों काे पुष्प वर्षा कर विदाई दी।
लंदन से आज सुबह आएगी फ्लाइट, 102 यात्री आएंगे
लंदन से भारतीयों को लेकर एक फ्लाइट अहमदाबाद होते हुए रविवार सुबह 6.45 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। यहां 102 यात्री उतरेंगे। इनमें इंदौर सहित मप्र, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र व अन्य प्रदेशों के यात्री शामिल हैं। देर शाम तक एयरपोर्ट प्रबंधन को यात्रियों की सूची नहीं मिल सकी। फ्लाइट कुछ देर रुकने के बाद मुंबई रवाना होगी। एयरपोर्ट पर उतरने वाले सभी यात्रियों को दो होटलों में एक दिन के लिए क्वारेंटाइन किया जाएगा। इसके बाद ये अपने शहरों के लिए रवाना होंगे और वहां क्वारेंटाइन रहेंगे। कोरोना काल में ये तीसरी इंटरनेशनल फ्लाइट इंदौर आ रही है। इससे पहले कुवैत एयरवेज की दो फ्लाइट से 234 यात्री आए थे।
यात्री 20-20 के ग्रुप में आएंगे बाहर, मास्क भी बदलवाएंगे
सभी यात्रियों की स्क्रीनिंग होगी, उनके मास्क भी बदले जाएंगे। बीमार यात्री को आइसोलेट करने की व्यवस्था रहेगी। उन्हें जांच के बाद एम्बुलेंस से क्वारेंटाइन सेंटर भेजेंगे। यात्री 20-20 के ग्रुप में बाहर आएंगे। इमीग्रेशन के दौरान स्टॉफ और यात्रियों के बीच ग्लास लगे होंगे।
पांच लाख भारतीय भारत आना चाहते हैं : लालवानी
सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि अलग-अलग देशों से पांच लाख भारतीय लौटना चाहते हैं। एयरपोर्ट डायरेक्टर अर्यमा सान्याल ने बताया फ्लाइट को लेकर तैयारी पूरी है।
जिन जिलों के हैं, वहां कलेक्टर को सूचना देंगे
कलेक्टर मनीष सिंह के मुताबिक, हम तो यह मानकर ज्यादा एहतियात बरत रहे है कि यात्री पॉजिटिव हो सकते है। सारी तैयारियां भी इसी हिसाब से की है। एयरपोर्ट पर एक-एक यात्रियों की स्क्रीनिंग होगी। सभी यात्रियों को दो होटल में रखेंगे। बाहर के जिलों के जो यात्री हैं, उनकी जानकारी वहां के कलेक्टर को देकर इन्हें रवाना करेंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2XvdiZk
0 Comment to "31 बाद धीरे-धीरे खुलेगा शहर, आज से निजी क्लिनिक शुरू"
Post a Comment