गिरे केले के भाव, 400 से 500 रुपए प्रति क्विंटल ही मिल रहे

केला फसल के ठीक भाव नहीं मिलने से परेशान किसानों को रमजान खत्म होने और ईद गुजरने के बाद एक और धक्का लगा है। केले के भाव और गिर गए हैं। किसानों को फिलहाल 400 से 500 रुपए प्रति क्विंटल ही भाव मिल पा रहा है। रमजान में कम ही सही लेकिन 700 से 800 रुपए प्रति क्विंटल तक भाव मिल रहा था। अब किसानों की मजबूरी का फायदा उठाकर चंद व्यापारी सीधे खेतों से मनमानी कर कम भाव पर उपज खरीद रहे हैं। भाव नहीं मिलने से परेशान किसान भी कम भाव पर ही उपज बेचने को मजबूर हैं।
लॉकडाउन और कर्फ्यू के कारण बुरहानपुर में केला मंडी में नीलामी शुरू नहीं हुई है। इसका सीधा फायदा कुछ व्यापारी उठा रहे हैं। पिछले साल रमजान में केले के भाव 1500 से दो हजार रुपए प्रति क्विंटल तक थे। इसको देखते हुए किसानों ने बड़े पैमाने पर केला फसल लगाई थी। पिछले साल रमजान के बाद भी केला फसल के भाव एक हजार से दो हजार रुपए तक थे। इस साल भाव काफी कम मिल रहा है। किसानों ने मंडी में जल्द केला उपज की नीलामी शुरू करने की मांग की है।

एक पौधे पर आता है 70 रुपए तक खर्च, भाव नहीं मिले तो लागत निकालना भी मुश्किल
किसानों ने बताया एक पौधे पर शुरू से आखिरी तक करीब 70 रुपए तक खर्च आता है। भाव इसी तरह मिले तो लागत भी नहीं निकल पाएगी। किसान पहले ही तंगहाली झेल रहे हैं। केला फसल के गिरे भाव ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है। क्षेत्र में करीब 10 लाख से ज्यादा केले के पौधे लगे हैं। सभी खेतों में फसल पककर पूरी तरह तैयार है। कम भाव में ही कई किसानों ने फसल बेच दी है। कुछ खेतों में फसल बाकी है। इसके अलावा कुछ किसानों ने केले की नई फसल भी लगाई है।
अब नहीं लेंगे केला फसल, लगाएंगे अरबी
किसान विनोद पाटील, चंद्रशेखर पाटील, अजय सोनवणे, भास्कर चौधरी, जगदीश चौधरी, विनोद भावसेकर, रूपेश इंगले और रामकिशन महाजन सहित अन्य किसानों ने बताया क्षेत्र के निंबोला बसाड़, नसीराबाद, बोरी, मगरूल, गारबलड़ी, झिरी, चुलखान, झांझर, बोरगांवखुर्द, फतेहपुर और रईपुरा सहित अन्य गांवों के एक हजार से अधिक किसानों ने केला फसल लगाई है। लेकिन भाव नहीं मिलने के कारण अब इसकी तरफ से किसानों का रूझान कम हुआ है। अब किसान अरबी की फसल लगाने की तैयार में हैं। अरबी फसल छह महीने में तैयार हो जाती है और इसके भाव भी अच्छे मिलते हैं। वहीं केला फसल साल भर की होती है और भाव नहीं मिलने पर नुकसान झेलना पड़ता है। हवा-आंधी और बारिश से भी केला फसल प्रभावित होती है। प्रशासन को समस्या की ओर ध्यान देकर मंडी में केला उपज की नीलामी जल्द शुरू कराना चाहिए।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Falling banana prices are getting only 400 to 500 rupees per quintal.


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2TURkO7

Share this

0 Comment to "गिरे केले के भाव, 400 से 500 रुपए प्रति क्विंटल ही मिल रहे"

Post a Comment