इंदौर: शादी में अब बजा सकेंगे बैंड बाजे जोन 2 में खोलेंगे चाय की दुकानें; मैजिक-वैन वालों ने भी मांगी अनुमति

अनलॉक 1.0 में शहर में रियायतों का दायरा धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को शहर में सैलून और ब्यूटीपार्लर शुरू हुए। लॉकडाउन के 88 दिन बाद ब्यूटी पार्लर और सैलून खुले तो कई लोग बाल कटाने, शेविंग कराने पहुंचे। कई जगह एेसे ग्राहक देखने को मिले जो खुद अपने बड़े बालों से परेशान हो गए थे। सैलून संचालक दिलीप सेन ने बताया एक ग्राहक यश आए थे, जिन्होंने अपने बालों में घर पर भी कैंची नहीं चलाईथी। उन्होंने आते ही यही बोला कि बस इन्हें हटा दो, अब थक गया इन्हें संभालते हुए। इस तरह के कई लोग दुकानों पर पहुंचे।
शादी समारोह में फिर गूंजेगी शहनाई
शुक्रवार को बैंड और शहनाई बजाने के कारोबार से जुड़े लोगों की सांसद शंकर लालवानी और प्रशासन के साथ बैठक हुई। सांसद ने बताया कड़ी शर्तों के साथ सीमित संख्या में विवाह कार्यक्रमों में सम्मिलित होने की अनुमति दी गई है। उन्हें निर्धारित शर्तों और एसओपी का पालन करना जरूरी होगा। बैठक में चाय दुकानों को लेकर भी सहमति बनी है। जोन 2 में जितने भी एरिया हैं, उनमें चाय की दुकानें खोलने की अनुमति दी जाएगी। बैठक में भाजपा नगराध्यक्ष गौरव रणदिवे और कलेक्टर मनीष सिंह मौजूद थे।
रात 10 से सुबह 6 बजे तक खुलेगी चोइथराम सब्जी मंडी, मिली मंजूरी
चोइथराम सब्जी मंडी को रात 10 से सुबह 6 बजे तक खोलने की अनुमति कलेक्टर ने दे दी है। हालांकि केवल थोक सब्जी व्यापारी ही कारोबार शुरू कर सकेंगे। फुटकर सब्जी व्यापार प्रतिबंधित रहेगा। दरअसल, यहां के व्यापारी दिन में मंडी खोलना चाहते थे, लेकिन कलेक्टर मनीष सिंह ने इनकार कर दिया। निरंजनपुर सब्जी मंडी रात में शुरू हुए एक सप्ताह हो चुका है। यहां के सफल संचालन को देखते हुए एक बार फिर चोइथराम सब्जी मंडी के व्यापारियों ने जिला प्रशासन के सामने पक्ष रखा था, लेकिन कलेक्टर ने उन्हें रात में ही व्यापार करने को कहा।
छावनी मंडी में दलहन, तिलहन के व्यापार की भी अनुमति जारी
छावनी अनाज मंडी में चना सहित अन्य अनाजों के व्यापार को लेकर भी अनुमति मिल गई है। यहां अभी तक केवल गेहूं के व्यापार को ही अनुमति मिली थी। इंदौर अनाज तिलहन व्यापारी संघ के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि 22 जून (सोमवार) से मंडी में तिलहन और दलहन के व्यापार को अनुमति मिलेगी। सभी को सोशल डिस्टेंसिंग, सैनिटाइजेशन और मास्क पहनने की गाइड लाइन का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर प्रशासन जुर्माने की कार्रवाई करेगा।
स्कूल वैन, मैजिक संचालकों ने मांगी मदद
निजी स्कूल वैन, मैजिक संचालक शुक्रवार को कलेक्टर से मिले। भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. राजेश सोनकर के नेतृत्व में इन पदाधिकारियों ने सरकार से आर्थिक मदद और कुछ ने बीपीएल कार्ड बनाने की मांग की। रेसीडेंसी कोठी पर मुलाकात करने वालों में मैजिक के साथ ही निजी स्कूली वैन संचालक संगठन के पदाधिकारी शामिल थे। उन्होंने कहा कि तीन माह से बेरोजगार हैं, शहर में 3000 ऐसे परिवार हैं, जो चालक या कंडक्टर हैं। उनके पास राशन तक नहीं है। रिश्तेदारों व पड़ोसियों से उधार लेकर परिवार चला रहे हैं। इसलिए यह सेवा भी शुरू की जाए। सोनकर ने कहा कि वे इस मामले में मुख्यमंत्री से भी चर्चा करेंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2NjBNDL
0 Comment to "इंदौर: शादी में अब बजा सकेंगे बैंड बाजे जोन 2 में खोलेंगे चाय की दुकानें; मैजिक-वैन वालों ने भी मांगी अनुमति"
Post a Comment