केस बढ़े, फिर भी स्थिति कंट्रोल में है, अभी लॉकडाउन नहीं होगा, शनिवार और रविवार का हो सकता है कर्फ्यू

कोरोना संक्रमण का दायरा बढ़ रहा है लेकिन अभी उज्जैन में हालात इतने बुरे नहीं है कि यहां लॉकडाउन करना पड़े। हालात को देखते हुए रविवार के साथ अब शनिवार को भी कर्फ्यू लगाया जा सकता है। उज्जैन में लॉकडाउन की अफवाहों को लेकर कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा ऐसी अभी कोई तैयारी नहीं है। शुक्रवार से मास्क नहीं पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने वालों को जेल भेजने के आदेश जरूर दिए हैं। इधर बढ़ते संक्रमण को लेकर सांसद अनिल फिरोजिया प्रशासनिक व्यवस्था से संतुष्ट नहीं है। वे शुक्रवार को भोपाल जाकर मुख्यमंत्री से मिलेंगे। सांसद का कहना है कि आपदा प्रबंधन समूह की बैठकों में दिए गए सुझावों पर अमल नहीं हो रहा। प्रशासन संक्रमण रोकने के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं कर पा रहा है। यदि मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ती है तो प्रशासन उनके इलाज के लिए अस्पताल
भी उपलब्ध नहीं करा पाएगा। मुख्यमंत्री से इंदौर के अस्पतालों में 100 बेड उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी। ताकि उज्जैन के गंभीर मरीजों का इलाज हो सके।

वृंदावनधाम में 8 दिन में 18 कोरोना पॉजिटिव, 24 नए मरीज मिले, इनमें एक महिला पुलिसकर्मी भी शामिल

उज्जैन। कोरोना का संक्रमण अब पूरे शहर में फैलने लगा है। जिन कॉलोनियों में एक भी मरीज पॉजिटिव नहीं था वहां भी मरीज संक्रमित पाए जा रहे हैं। वृंदावन धाम कॉलोनी में भी फिर एक मरीज संक्रमित पाया गया है। गुरुवार को 24 मरीज पॉजिटिव पाए गए। सीएमएचओ डॉ. महावीर खंडेलवाल ने बताया गुरुवार को 1179 लोगों की रिपोर्ट आई। इनमें 24 मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं। हरि फाटक मार्ग स्थित वृंदावनधाम कॉलोनी में 8 दिन में 18 मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं। यहां पर 16 जुलाई को पहला मरीज संक्रमित पाया गया था। उसके बाद पुणे से आए दंपत्ति में संक्रमण पाया गया था। बुधवार को 9 मरीज और गुरुवार को एक मरीज संक्रमित पाया गया है। इस कॉलोनी में करीब 170 मकान हंै। गुरुवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार एक महिला पुलिसकर्मी सहित पुलिस लाइन के 2 लोग भी पॉजिटिव पाए गए हैं।

उज्जैन शहर के 17, बड़नगर के दो, नागदा के तीन व महिदपुर के दो मरीज संक्रमित हुए हैं। इनके साथ ही पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 1080 हो गई है। गुरुवार को एक पॉजिटिव मरीज स्वस्थ होकर घर पहुंचा है। डॉ. खंडेलवाल ने बताया देसाई नगर के 37 साल के युवक, प्रगति नगर के 61 साल के बुजुर्ग, महाकाल घाटी के 25 साल के युवक, दताना के 25 साल के युवक, श्री राम कॉलोनी बुधवारिया के 59 साल के बुजुर्ग, विद्यानगर के 58 साल साल के बुजुर्ग, रविंद्र नगर की 18 साल की युवती, पुलिस लाइन की 28 साल की महिला, श्री राम नगर के 29 साल के युवक, रामजी की गली सराफा के 63 साल के बुजुर्ग, राम जी की गली के 40 साल के व्यक्ति, ढाबा रोड के 36 साल के युवक, नयाखेड़ा की 75 साल की महिला, माधवपुरा महिदपुर के 60 साल के बुजुर्ग, अंबेडकर नगर के 29 साल के युवक, वृंदावन धाम कॉलोनी के 36 साल के युवक, नागौरी मोहल्ला महिदपुर के 46 साल के व्यक्ति, पुलिस लाइन के 40 साल के व्यक्ति, रविंद्र नगर के 25 साल के युवक, जवाहर मार्ग नागदा सिटी के 23 साल के युवक, उन्हेल सिटी की 22 साल की महिला व 24 साल की महिला, झुमकी बड़नगर के 25 साल के युवक तथा बड़नगर की 45 साल की महिला में संक्रमण पाया गया है।

सोशल मीडिया पर झूठ फैलाया जा रहा, लाॅकडाउन अभी नहीं-कलेक्टर
फिलहाल लॉकडाउन के संबंध में किसी भी तरह का कोई निर्णय जिला प्रशासन द्वारा नहीं लिया गया है। यह स्पष्ट करते हुए कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया में प्रसारित हो रही जानकारी भ्रामक एवं असत्य है। उन्होंने कहा कि शहर में शुक्रवार से मास्क पहनकर नहीं निकलने वाले एवं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें अस्थाई जेल में बंद किया जाएगा। इस कड़ी कार्रवाई के बाद भी लोगों की तरफ से ऐसी लापरवाही जारी रही तो भविष्य में लॉकडाउन पर भी विचार किया जा सकता है।

बोस और उनकी पत्नी ने इंदौर में करवाया था टेस्ट, रिपोर्ट पॉजिटिव
महिदपुर रोड | मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव दिनेश जैन बोस तथा उनकी पत्नी मधु जैन को डॉक्टरों ने कोरोना पॉजिटिव के सिंपटम्स बताए हैं। सचिव जैन के भतीजे अजीत जैन के अनुसार चाचा तथा चाची पिछले दिनों इंदौर गए थे। यहां उन्होंने अपना टेस्ट करवाया तो डॉक्टरों ने रिपोर्ट में उन्हें 10 प्रतिशत कोरोना वायरस सिंपटम्स का शिकार बताया। बोस तथा पत्नी मधु स्वयं इंदौर में होम क्वारेंटाइन होकर वहीं अपना उपचार करवा रहे हैं। अजीत के अनुसार दोनों का स्वास्थ्य ठीक है। जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौटने की उम्मीद है। परिजन के अनुसार मधुबाला को एक दिन पूर्व बुखार आया था। इस पर जांच करवाई तो दोनों ही पाॅजिटिव निकले।

राहत की आहट : एक सप्ताह में 163 में से 68 मरीज हो सकेंगे डिस्चार्ज क्योंकि इनमें तेजी से हो रही रिकवरी

उज्जैन| कोविड हॉस्पिटल में भर्ती व होम क्वॉरेंटाइन 163 मरीजों में से 68 मरीज ऐसे हैं, जो एक सप्ताह में स्वस्थ हो जाएंगे और उन्हें हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। इन मरीजों में तेजी से रिकवरी हो रही है। यही वजह है इनकी रिपोर्ट नेगेटिव आ सकती है। एंटीवायरल की नई दवाइयां आने और इम्यूनिटी पाॅवर बढ़ाने पर लगातार फोकस किए जाने की वजह से सामान्य मरीजों में रिकवरी का समय 8 से 10 दिन हो गया है। गंभीर मरीजों में रिकवरी होने में 20 दिन से एक माह तक का समय लग रहा है। इन मरीजों में डेवलप हो रहे निमोनिया को रोकने के लिए समय लग रहा है क्योंकि कोरोना के साथ दूसरी गंभीर बीमारियां भी होने से यह स्थिति बन रही है। उज्जैन में मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। त्योहारों पर लोगों की कनेक्टिविटी भी बढ़ेगी। ऐसे में संक्रमण का खतरा और बढ़ सकता है। मरीज बढ़ने की स्थिति में केवल लॉकडाउन कर ही लोगों की कनेक्टिविटी को कम किया जा सकता है।
10 दिन में रिकवरी, डिस्चार्ज होंगे कई मरीज
एसिंप्टोमेटिक और सामान्य मरीजों में रिकवरी 8 से 10 दिन में हो रही है। ऐसे मरीज एक सप्ताह में स्वस्थ हो जाएंगे। गंभीर मरीजों में 20 दिन से एक माह का समय लग सकता है।''
डॉ. एचपी सोनानिया, नोडल अधिकारी कोविड-19

जिले के 42 मरीज गंभीर, दो अस्पतालों में चल रहा इलाज

भर्ती मरीज-163
96 में लक्षण नहीं
67 मरीजों में लक्षण

माधवनगर में
भर्ती-55
गंभीर-7
डिस्चार्ज होंगे-40

मेडिकल कॉलेज
में भर्ती- 51
गंभीर-35
डिस्चार्ज होंगे-7
पीटीएस में भर्ती- 25
गंभीर-00
डिस्चार्ज होंगे-03

अमलतासहॉस्पिटल में
भर्ती-10
डिस्चार्ज होंगे-03
होम क्वॉरेंटाइन-22
डिस्चार्ज होंगे-10

शाजापुर : एकसाथ 63 लोग ठीक होकर घर पहुंचे

शाजापुर | जुलाई के दूसरे सप्ताह में शाजापुर जिले में अचानक बढ़े संक्रमण के खतरे के बीच गुरुवार को बड़ी राहत मिली। जितनी तेजी से जिले में संक्रमण फैला था, उससे दोगुना ज्यादा गति से काबू भी कर लिया। इस दिन जिले के 63 संक्रमित व्यक्ति ठीक होकर घर पहुंचे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Case increased, still the situation is under control, lockdown will not happen, curfew may be on Saturday and Sunday


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ZUuud3

Share this

Artikel Terkait

0 Comment to "केस बढ़े, फिर भी स्थिति कंट्रोल में है, अभी लॉकडाउन नहीं होगा, शनिवार और रविवार का हो सकता है कर्फ्यू"

Post a Comment