कार की टक्कर से मां-बेटे की मौत के बाद नवविवाहिता ने भी तोड़ा दम

सुपर कॉरिडोर पर रविवार दोपहर हुए सड़क हादसे में सोमवार को तीसरी मौत हो गई। 36 वर्षीय नवविवाहिता दुर्गा ने भी दम तोड़ दिया। उसके पति अशोक गहलोत की हालत गंभीर बनी हुई है।
इससे पहले नौ साल के बच्चे राज और उसकी मां अन्नपूर्णा की मौत हो चुकी। परिजन ने बताया कि दोपहर को मां-बेटे का पोस्ट मॉर्टम हुआ। दोनों को मुक्ति धाम लेकर पहुंचे। जैसे ही दोनों को दाग दिया, तभी खबर आई कि दुर्गा भी नहीं रही।
पहले ही पूरा परिवार गमगीन था। एक और मौत की सूचना ने दुखी कर दिया।

डेढ़ महीने पहले हुई थी दुर्गा और अशोक की शादी
परिजन ने बताया कि गहलोत परिवार में सुनील छोटा है और अशोक बड़ा है। सुनील की पहले शादी हो चुक थी। उसका 9 साल का इकलौता बेटा राज था। अशोक की शादी डेढ़ माह पहले लॉकडाउन में नसरूल्लागंज की दुर्गा से हुई थी। शादी के बाद मायके से पहली बार दुर्गा इंदौर लौटी थी, तब सबने कहा कि वह पत्नी को मंदिर दर्शन कराने ले जाए। इसलिए वह अपनी मोपेड पर पत्नी, भाई सुनील की पत्नी अन्नपूर्णा और भतीजे राज को लेकर जा रहा था। वह विजय नगर में घूमने के बाद वैष्णो देवी मंदिर दर्शन के लिए जाने वाला था, तभी यह हादसा हुआ है। अशोक पीथमपुर में सीमेंट के पोल बनाने वाली कंपनी में काम करता है। वहीं सनील इंदौर में कुरकुरे बनाने वाली कंपनी में काम करता है। परिवार में 90 वर्षीय मां है। घटना सुनते ही वे भी बेसुध हो गई हैं।

एक आरोपी पकड़ा, बोला- टक्कर लगने के बाद दिखी मोपेड, मानव वध की धारा लगाई
पुलिस ने टक्कर मारने वाले कुम्हारखाड़ी निवासी कार चालक सूरज कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है। उसने बताया कि कार में फर्स्ट बटालियन में रहने वाला सौरभ यादव (इसके पिता पुलिस में हैं), अभिषेक और प्रतीक सोलंकी थे। वे सभी पार्टी मनाकर लौट रहे थे। सूरज का कहना है कि उसे सामने जा रही मोपेड दिखी ही नहीं। पानी गिर रहा था और उसका ध्यान कहीं और था। कार की स्पीड इतनी तेज थी कि जब मोपेड टकराई, तब पता चला कि कुछ सामने था। फिर हैंड ब्रेक लगाया तो कार भी असंतुलित होकर पलट गई। आरोपी सीजिंग का काम करता है। टीआई अनिल सिंह यादव के अनुसार आरोपी के खिलाफ मानव वध की धारा लगाई है। बाकी तीन साथियों की तलाश जारी है।
टीसीएस चौराहे पर हुआ था हादसा
गौरतलब है कि टीसीएस चौराहे के पास तेज रफ्तार रेनॉल्ट ट्राइबर कार ने मोपेड को टक्कर मार दी थी। मोपेड पर चार लोग थे। ये सुपर कॉरिडोर टी से लवकुश चौराहे की ओर जा रहे थे। कार गांधी नगर की तरफ से आ रही थी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Newlyweds also succumbed after mother-son death due to car collision


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/34W7FIZ

Share this

0 Comment to "कार की टक्कर से मां-बेटे की मौत के बाद नवविवाहिता ने भी तोड़ा दम"

Post a Comment