किसानों से मजाक..लिस्ट में नाम 3 बार और फसल बीमा देंगे 10 रु., कई नाम 7 से 8 बार तक रिपीट


वर्ष 2019 की खरीफ फसल बीमा राशि ने सैकड़ों किसानों को हैरत में डाल दिया है। बीमा कंपनी ने जिले के 20 हजार 291 किसानों को करीब 38 करोड़ रुपए बीमा क्लेम मंजूर करना बताया है लेकिन हकीकत उलट है। सूची में एक ही किसान के नाम को सात से आठ बार दर्ज कर बीमा देना दर्शा रखा है और वह भी नाममात्र राशि के साथ। सबसे बुरी स्थिति धान बोने वाले किसानों की रही। किसी का नाम पांच बार चढ़ाकर 27 रुपए बीमा क्लेम मंजूर किया है तो किसी का 17 रुपए। किसनलाल डुंगरिया नामक किसान का नाम 3 बार दर्ज है और बीमा राशि 1, 3 और 6 रु. मंजूर की है।
कृषि विभाग के अफसर कह रहे हैं कि हम बीमा कंपनी से पूछेंगे कि उन्होंने मुआवजा निर्धारण किस तरह किया, उसके दस्तावेज चाहे गए हैं। बीमा कंपनी के प्रतिनिधि इसे लेकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। कुछ किसानाें काे 1 रुपए से 11 रुपए तक देना बता रखे हैं, जबकि प्रीमियम के नाम पर 699 रुपए से लेकर और ज्यादा रुपए तक लिए गए थे।
जिले में फसल बीमा की राशि औसतन 18 हजार 581 रुपए मंजूरी हुई है। हालांकि सात से आठ हजार नाम ही ऐसे हैं, जिन्हें इतनी या इससे अधिक राशि जारी की जाएगी। इसमें भी कई नाम रिपीट दिखाई दिए। जिले के सोहागपुर में 81, पिपरिया में 46 ही नामों को फसल बीमा के लिए मंजूरी दी गई है। इसके पीछे तर्क है कि वहां सोयाबीन कम बोई जाती है।

फसल बीमा के चार किस्से

  1. किसनलाल डूंगरिया, होशंगाबाद ब्लॉक (बीमा क्लेम सूची में नंबर : 663)
    धान के लिए किसनलाल का खाता नंबर 6709605851 है। एक रुपए से 11 रुपए तक राशि मिली है। उनके तीन खातों में 1, 3 और 6 रुपए बीमा की राशि 3 बार में जाएगी।
  2. लखनलाल यादव, बड़ोदिया ( बीमा क्लेम सूची में नंबर- 653, 654,655)
    लखनलाल का खाता क्रमांक 6564126702 में भी तीन बार फसल बीमा का क्लेम आया। इनके खाते में 4 रुपए, 6 रुपए और 9 रुपए मिले हैं।
  3. नरेंद्र कुमार गाैर, खेड़ला (बीमा क्लेम सूची में नंबर- 647, 648)
    खेड़ला निवासी नरेंद्र गौर का अकाउंट नंबर 4322101000343 है। उनके खाते में 5 और 11 रुपए बीमा कंपनी ने ट्रांसफर किए।
  4. अरविंद गाैर, खेड़ला बीमा क्लेम सूची में नंबर- 682 से 686 अरविंद के पिता श्याम सुंदर गाैर ने बताया प्रीमियम अच्छा देने के बाद भी क्लेम राशि में पांच बार में 3, 4, 4, 7 और 9 रुपए मंजूर किए हैं।

सारी जानकारी हमने सरकार को दे दी
फसल बीमा के प्रीमियम को लेकर और बीमा राशि की जानकारी सरकार को दे दी है। बाकी किसी को जानकारी नहीं देंगे। किसानाें की संख्या भी प्रीमियम के अनुसार है।
-राहुल गुप्ता, क्षेत्रीय अधिकारी, इफ्को टोकियो

कम राशि किस आधार से डाली है
बीमा कंपनी से राशि डालने के संबंध में दस्तावेजाें के साथ जानकारी मांगी है। जानकारी आने के बाद ही बता पाएंगे कि इतनी कम राशि किस आधार से डाली गई।
-जितेंद्र सिंह, संयुक्त संचालक कृषि

प्रीमियम के आधार पर बीमा दिया
खाते के आधार पर किसानों का प्रीमियम काटा जाता है। उसी आधार पर बीमा दिया गया है। किसानों की संख्या खाते प्रीमियम के आधार पर तय होती है।
-रमेश हिले, लीड बैंक मैनेजर, होशंगाबाद

ऐसे नाम बार-बार आए

1 गुनाैरा हल्के के किसान दिनेश गाैर का खाता क्रमांक 201001310000372 है। उनका नाम सूची में 8 बार है। 8 बार में इनके खाते में 501, 2376, 475, 501, 444, 501, 544, 2001 रुपए मंजूर किए हैं। यानी आठ बार में कुल बीमा क्लेम 7443 रुपए बन रही है।

2तालनगरी हल्के के किसान काशीराम यादव का खाता क्रमांक 4322841000078 है। उनके खाते में 6 बार बीमा क्लेम की राशि डाली गई है। इनका नाम 2082 से 2087 तक है। बैंक एक साथ भी ट्रांसफर भी कर सकता था।

3रसूलिया के रामसिंह मीणा का खाता क्रमांक 201001310000505 है। फसल बीमा क्लेम की सूची में इनके खाते में क्रमांक 2049 से लेकर 2056 तक मिलते हैं। यानी 8 जगह इनका नाम है।

4पालनपुर के रेवाशंकर वर्मा का खाता नंबर 764108651000095 है। उनका 8 बार नाम दर्ज है। यानी राशि 8 हिस्सों में राशि मंजूर की है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
होशंगाबाद। फसल बीमा की राशि की जानकारी के लिए बैंक पहुंचे खेड़ला के किसान।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3j4MJU4

Share this

Artikel Terkait

0 Comment to "किसानों से मजाक..लिस्ट में नाम 3 बार और फसल बीमा देंगे 10 रु., कई नाम 7 से 8 बार तक रिपीट"

Post a Comment