सीसीआई ने 270 क्विंटल खरीदा, छह फीसदी नमी घटी व 602 रुपए बढ़े भाव

शहर की आनंद नगर स्थित कपास मंडी में सोमवार से भारतीय कपास निगम (सीसीआई) ने खरीदी शुरू कर दी है। पहले दिन 270 क्विंटल कपास खरीदा है। 4596 रुपए से लेकर 5702 रुपए तक भाव मिले। पिछले सप्ताह तक 5100 रुपए क्विंटल तक मंडी में कपास की बोली लगी।

सीसीआई के मैदान में उतरने से पहले ही अधिकतम भाव में 602 रुपए क्विंटल भाव की तेजी आई। सीसीआई ने पिछले साल की तुलना में इस साल 19 दिन जल्दी खरीदी शुरू हुई है। एक सप्ताह पहले तक 16 प्रतिशत तक कपास में नमी आ रही थी।

इस सप्ताह यह लगभग 6 प्रतिशत तक घटकर 8.4 से 12 प्रतिशत रह गई। कपास मंडी में सोमवार को सुबह 11.30 बजे सीसीआई खरीदी केंद्र प्रभारी अरुण सेहलोत ने कपास की माश्चराइजर से नमी की जांच की। 8-12 प्रतिशत नमी मिलने पर कपास खरीदी शुरू हुई।

पिछले सप्ताह तक 14 से 24 प्रतिशत थी। नीलामी की शुरुआत खरगोन के रामसिंह के 8.30 क्विंटल कपास के साथ खरीदी हुई। उन्हें 5553 रुपए क्विंटल का भाव मिला। वे कपास की गुणवत्ता के हिसाब से मिले भाव से खुश नजर आए।

कपास के अच्छे भाव मिलने से बढ़ेगी त्याेहारों पर खरीदारी

किसान रामसिंह ने बताया उपज के हिसाब से बेहतर भाव मिला। किसान रमेश बाबूलाल उमरखली, सेवकराम पाटीदार अघावन सहित 15 किसानों से 10 वाहन व 5 बैलगाड़ी का कपास की खरीदी हुई। किसानों ने बताया सीसीआई की खरीदी से कपास के भाव में बढ़ोतारी हुई है। त्योहारों के चलते खरीदी ज्यादा होगी। बाजार में उत्साह का माहौल दिखेगा।

4 हजार क्विंटल की आवक, भाव 5702 रु. क्वि. रहा

मंडी में 4 हजार क्विंटल की आवक हुई है। इसमें 270 वाहन व 77 बैलगाड़ियों में कपास की नीलामी हुई। अधिकतम भाव 5702 रहा। जबकि न्यूनतम भाव 3500 व औसत भाव 4700 रहा। सीसीआई की खरीदारी से मंडी व्यापारियों पर दबाव रहा। उन्होंने सामान्य कपास के भी अन्य दिनों की बजाय अच्छे भाव दिए। मंडी सचिव रामवीर किरार ने बताया कि अब सूखा कपास आ रहा है।

100 रुपए बढ़ाया है समर्थन मूल्य पर भाव

भारतीय कपास निगम ने इस साल समर्थन मूल्य 2019 की तुलना में 100 रुपए बढ़ाया है। सीसीआई ने पिछले साल 6 नवंबर को खरीदा का मुहूर्त किया था। तब पहले दिन 2 वाहन व 1 बैलगाड़ी से 5605 रुपए प्रति क्विंटल कपास खरीदा था। जबकि इस साल अधिकतम 5702 रुपए में खरीदी हुई। व्यापारी 3500 से लेकर 5100 रुपए तक भाव पर कपास की खरीदी कर रहे हैं।

खरीदी के लिए जरूरी है ये दस्तावेज

सीसीआई के मुताबिक भारतीय कपास निगम को कपास बेचने के लिए किसानों को खुद की बैंक पासबुक, आधार कार्ड, खसरा नकल या ऋण पुस्तिका की प्रतिलिपि लाना होगा।

खरीदी की सूचना से घटने लगी आवक

पिछले चार दिनों से मंडी में कपास की आवक कम हो गई थी। क्योंकि किसानों को सोमवार से सीसीआई की खरीदी की सूचना मिली थी। सोमवार को ज्यादा किसान आए। औसतन 5 हजार क्विंटल से ज्यादा कपास की आवक होती है। गुरुवार से लगातार तीन दिन तक 2500 क्विंटल के आसपास आवक रही।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
CCI buys 270 quintals, reduced humidity by 6% and increased prices by Rs 602


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3o0Xtps

Share this

Artikel Terkait

0 Comment to "सीसीआई ने 270 क्विंटल खरीदा, छह फीसदी नमी घटी व 602 रुपए बढ़े भाव"

Post a Comment