दिनभर चली लू, दिन का पारा 40.5 डिग्री पर

मौसम का मिजाज बुधवार को दिनभर बदलता रहा। सुबह के दौर में चटक धूप खिली रही। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप व बादलों के बीच लुका-छिपी का खेल चलता रहा। इसके बाद भी पारा 40 के पार चला गया। मौसम विभाग की मानें तो आगामी दाे दिन तक तापमान और बढ़ने की संभावना है।
बुधवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे के तापमान पर नजर डालें तो अधिकतम पारा 0.5 डिग्री कम हुआ और न्यूनतम एक डिग्री। पारे में आंशिक गिरावट के बाद भी लोगों ने दोपहर में लू का अहसास किया। क्योंकि राजस्थान से दक्षिण की तरह 3 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से बह रही गर्म हवाएं लपट के रूप में चुभ रही थीं। मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार से लेकर शुक्रवार तक पारे में 1 से 2 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। 11 जून को पारा 42-30 तक व 12 जून को तापमान 41-30 तक जा सकता है। 13 से 15 जून तक अधिकतम तापमान में लगातार गिरावट के संकेत मिल रहे हैं। फिलहाल बारिश होने की कोई संभावना व्यक्त नहीं की गई है।
2019 में 46 के पार चला गया था पारा: पांच साल के मौसम के आंकड़ों पर गौर करें तो 2019 में पारा 46.5 व न्यूनतम 30 तक चला गया था। बारिश भी 63 मिमी हुई थी। 2018 में तापमान 41-29 रहा और 10 जून के दिन 10मिमी वर्षा हुई थी। 2017 में पारा 37 से अधिक नहीं हो पाया लेकिन 8 व 9 जून को 3 मिमी बारिश हुई थी। 2016 में तापमान 45-30 रहा और 11 व 12 जून को 17.5 मिमी बारिश हुई।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2XNPrVY

Share this

0 Comment to "दिनभर चली लू, दिन का पारा 40.5 डिग्री पर"

Post a Comment