पुराने के साथ नए चेहरे लाने की उलझन, कैबिनेट में मंत्रियों की संख्या बढ़ेगी; सिंधिया एक भी पद छोड़ने के मूड में नहीं

दिल्ली से लौटने के बाद भी भाजपा में मंत्रिमंडल के नाम तय करने की उलझन बरकरार है। सीनियर विधायक जो शिवराज सिंह चौहान के पिछले कार्यकालों में मंत्री रह चुके हैं, उन्हें मंत्रिमंडल में लेने के दबाव के कारण नए चेहरों के साथ उनका तालमेल गड़बड़ा गया है। अब पार्टी इस बारे में विचार कर रही है कि कैबिनेट में मंत्रियों की संख्या बढ़ा दी जाए। यहां बता दें कि पार्टी पहले उपचुनाव के मद्देनजर चार से पांच पद रिक्त रखने का विचार कर रही थी, अब यह संख्या एक-दो ही रखने की बात सामने आई है। हालांकि इस पर भी अंतिम निर्णय नहीं हुआ।

इस बीच दिल्ली में तमाम केंद्रीय नेताओं से मिलकर मुख्यमंत्री चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत भोपाल पहुंच गए। इसके बाद वरिष्ठ विधायक भूपेंद्र सिंह और संजय पाठक पार्टी दफ्तर पहुंचे और शर्मा से उनकी मुलाकात हुई। इसे मंत्रिमंडल विस्तार की कवायद से जोड़कर देखा जा रहा है।

सिंधिया एक भी पद छोड़ने के मूड में नहीं

पार्टी सूत्रों का कहना है कि सिंधिया ने अपने समर्थकों को मंत्री बनाए जाने के लिए जितने पद मांगे थे, उसमें से वे एक भी कम करने के पक्ष में नहीं है। इसके अलावा कांग्रेस से भाजपा में आए बिसाहूलाल सिंह, एंदल सिंह कंसाना, हरदीप डंग और रणवीर जाटव को भी पार्टी मंत्री बनाने का भरोसा दे चुकी है। ऐसा ही निर्दलीय प्रदीप जायसवाल और बसपा के संजीव कुशवाह के साथ भी किया गया है। लिहाजा कैबिनेट का आकार और बढ़ सकता है। देर शाम को मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री के बीच पार्टी दफ्तर में करीब एक घंटे तक बात हुई है।

आनंदी बेन की शपथ आज 4.30 बजे

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल बुधवार को दोपहर बाद भोपाल आ रही हैं। वे शाम 4.30 बजे मप्र के प्रभारी राज्यपाल की शपथ लेंगी। सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के गुरुवार को आने की संभावना है। मंगलवार को दिल्ली में केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने सिंधिया से मुलाकात की।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
फाइल फोटो।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3dPetIU

Share this

0 Comment to "पुराने के साथ नए चेहरे लाने की उलझन, कैबिनेट में मंत्रियों की संख्या बढ़ेगी; सिंधिया एक भी पद छोड़ने के मूड में नहीं"

Post a Comment