महिलाएं बोली- लड्डू खाने के लिए नहीं मिले पैसे, अब बच्चे ही बड़े हो गए

जिले में सैकड़ों प्रसूताओं को करीब 8 माह से जननी सुरक्षा योजना के तहत सहायता राशि नहीं मिल रही है। इसके चलते महिलाएं संबंधित अस्पताल में राशि के लिए चक्कर लगाने को मजबूर हैं। इतना ही नहीं महिलाओं के खाते में पैसा जमा नहीं हो रहा है। इसके बाद भी अधिकारी, कर्मचारी भटकती महिलाओं को संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहे हैं।
गौरतलब यह है कि जननी सुरक्षा योजना के तहत सरकार द्वारा शहरी क्षेत्र में प्रसूताओं को एक हजार रुपए व ग्रामीण क्षेत्र में प्रसूताओं को 1 हजार 400 रुपए दिए जाते हैं। यह राशि प्रसूताओं के बैंक खाते में जमा होती है, लेकिन करीब आठ माह से प्रसूताओं को यह राशि नहीं मिल रही है। इससे परेशान महिलाओं का कहना है कि आखिर हमारे बच्चे ही बड़े हो गए हैं और हमें पैसे भी अभी नहीं मिले हैं तो फिर हम कब लड्डू खाएंगे। महिलाओं के खाते में राशि नहीं आने से प्रसूताएं अस्पताल में भटक रही हैं। वहीं जानकारी देने के लिए अधिकारी, कर्मचारी शासन से जल्द खाते में राशि जमा करने की बात कहकर टरका रहे हैं। इससे गरीब महिलाओं को योजना का लाभ नहीं मिल रहा है।
प्रसूताओं को लड्डू के लिए मिलती है ये राशि
सरकारी अस्पताल में प्रसव होने पर प्रसूता को जननी सुरक्षा योजना के तहत शहरी क्षेत्र में 1 हजार रुपए व ग्रामीण क्षेत्र की प्रसूता को 1 हजार 400 रुपए मिलते हैं। प्रसव होने के बाद दस्तावेज जमा कराने पर संबंधित अस्पताल की ओर से यह राशि के लिए स्वीकृति जारी कर ऑनलाइन किया जाता है। इसके बाद शासन से प्रसूताओं के खाते में ऑनलाइन यह राशि जमा होती है।
इन्हें नहीं मिली राशि
करैरा उप स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत आने वाले गांवों की प्रसूता महिलाओं में अनीता जाटव का कहना है कि 8 अगस्त को मेरा प्रसाव हुआ था। सोनम जाटव का प्रसव 2 फरवरी को हुआ। इसी प्रकार शिवकुमारी साहू 12 नंबर को प्रसाव हुआ तभी से अपने पैसों के लिए ये महिलाएं भटक रही है। वहीं सुनीता जाटव का प्रसव 22 अक्टूबर 2019 से पैसों के लिए भटक रही हूं। तो संगीता पाल 1 जनवरी से परेशान है। इसी प्रकार सैकड़ों महिलाएं परेशान हैं। उनका कहना है कि सभी दस्तावेज जमा होने के बाद भी पैसे नहीं मिल रहे हैं।
दस माह से नहीं मिले पैसे
जिला अस्पताल में मातृ एवं शिशु कल्याण केंद्र में लड़की हुई है। परिजन ने दस्तावेज जमा करा दिए, लेकिन अभी तक जननी सुरक्षा के तहत 1400 रुपए नहीं मिले। अफसरों के पास जाओ तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं देते हैं।
अनीता जाटव, निवासी सिरसौद
अब हम कब खाएंगे लड्डू
मेरे प्रसव को काफी समय हो गया है, इतना ही नहीं मेरा बेटा भी 8 माह से अधिक का हो गया है, लेकिन पैसे नहीं मिले है आखिर हम कब खाएंगे लड्डू। अफसर योजना को पलीता लगाने में लगे हुए हैं।
शिवकुमारी साहू, सिरसौद
हम पूछकर बताएंगे
जननी सुरक्षा योजना में शासन के नियमानुसार महिलाओं के पास यदि पूरे दस्तावेज हैं तो उसे तीन दिन में पैसे मिलना चाहिए कोई कारण है तो सात दिन में मिलने का प्रावधान है, लेकिन नहीं मिले हैं तो हमें पूछना पड़ेगा फिर बताएंगे।
डॉ. एनएस चौहान, जिला स्वास्थ्य अधिकारी
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Z0dRLq
0 Comment to "महिलाएं बोली- लड्डू खाने के लिए नहीं मिले पैसे, अब बच्चे ही बड़े हो गए"
Post a Comment