रतलाम के डॉक्टर की कोरोना से मौत, तीन दिन पहले इंदौर से ले गए थे अहमदाबाद
मंगलवार रात एक दु:खद खबर सामने आई है। शहर के जाने माने चिकित्सक डॉ. डीएल राठौर की कोरोना से मौत हो गई। वे रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती थे। यहां से वे इलाज के लिए तीन दिन पहले ही अहमदाबाद गए थे। डॉक्टर की मौत की खबर मिलते ही चिकित्सा जगत में शोक की लहर छा गई।
डॉक्टर की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया था। यहां से तीन दिन पहले उन्होंने इलाज के लिए बाहर जाने का फैसला लिया था। इंदौर में बेड की व्यवस्था नहीं हो सकी थी, इसलिए वे अहमदाबाद इलाज के लिए गए थे। आईएमए के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया उनका ऑक्सीजन लेवल 95 पर आ गया था। यह सामान्य लेवल होने से उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट से हटाने के बारे में प्लान ही हो रहा था। इसी बीच मंगलवार रात उनके बेटे ने डॉ. लेखराज पाटीदार को मौत की दु:खद सूचना दी। आईएमए के डॉ. पाटीदार और सचिव डॉ. योगेश नीखरा के माध्यम से हमें ये सूचना मिली।
सेवानिवृत्ति के बाद भी करते थे इलाज : डॉ. डीएल राठौर का नाम रतलाम के चिकित्सा जगत में जाना माना है। वे मेडिसीन विशेषज्ञ के पद से 2015 में ही जिला अस्पताल से रिटायर्ड हुए थे। रिटायरमेंट के बाद भी उन्होंने मरीजों का इलाज करना नहीं छोड़ा था।
रतलाम में कोरोना से अब तक 36 मौतें
रतलाम में कोरोना से 36 लोग दम तोड़ चुके हैं। हालांकि, डॉक्टर सहित ये संख्या 37 हो जाएगी। लेकिन, अधिकृत पुष्टि नहीं हुई है। डॉक्टर की मौत पोर्टल पर आने के बाद ही अधिकारिक तौर पर ली जाएगी। डॉक्टर सहित 22 दिन में 17 कोरोना से दम तोड़ चुके हैं।
14 नए पॉजिटिव, दो डॉक्टर भी मिले संक्रमित
इधर, मंगलवार को जिले में दो प्रसिद्ध डाॅक्टर सहित 14 नए पॉजिटिव सामने आए हैं। इसी के साथ जिले में कुल पॉजिटिव 1675 हो गए हैं। रिपोर्ट में अजंता टॉकिज रोड के 65 व 34 वर्षीय पुरुष, वकील काॅलोनी के 25 वर्षीय युवक, देवीसिंह कॉलोनी की 70 वर्षीय महिला, कस्तूरबा नगर गली नं. 5 का 55 वर्षीय पुरुष, पिपलौदा तहसील के ग्राम बड़ौदा का 61 वर्षीय पुरुष, मीराकुटी की 59 वर्षीय महिला, ग्राम पलसोड़ा का 40 वर्षीय पुरुष, जावरा की आनंद कॉलोनी का 48 वर्षीय पुरुष, जावरा के मोहन परिसर का 60 वर्षीय पुरुष, सुतारों का वास के 55 वर्षीय पुरुष, जावरा के मोहिलपुरा का 70 वर्षीय पुरुष, काजीखान की मसजिद जावरा रोड का 52 वर्षीय पुरुष व काटजू नगर के 72 वर्षीय पुरुष पॉजिटिव मिले हैं।
22 दिन में मिले 720 : जिले में कोरोना संक्रमित लगातार बढ़ रहे हैं। सिर्फ 22 दिन में 720 पॉजिटिव मिल चुके हैं। संक्रमण की ये रफ्तार सबसे ज्यादा है। अगस्त में 21 दिनों में 304 पॉजिटिव सामने आए थे।
एक समय था... जब इकलौते मेडिकल स्पेशलिस्ट थे
जिला अस्पताल के अस्थि रोग विशेषज्ञ व आईएमए सचिव डॉ. योगेश नीखरा ने बताया कि यह बहुत दु:खद सूचना है। मैं करीब 10 साल पहले जब जिला अस्पताल आया था, तब वे वहीं पदस्थ थे। एक समय ऐसा भी था, जब वे जिला अस्पताल में इकलौते मेडिकल स्पेशलिस्ट थे। अकेले व्यक्ति पर काम का बोझ था... लेकिन हमेशा वे सेवा में तत्पर रहते थे। वहीं, डॉ. राजेश शर्मा ने बताया चार महीने पहले ही उन्होंने मुझसे कहा था कि मुझे सैलेरी नहीं चाहिए। लेकिन, मैं आयुष ग्राम रोज आऊंगा और सेवाएं दूंगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Hjiz1n
0 Comment to "रतलाम के डॉक्टर की कोरोना से मौत, तीन दिन पहले इंदौर से ले गए थे अहमदाबाद"
Post a Comment