प्याज किसानों के लिए बन रही मुसीबत, दाम नहीं मिलने से किसान घरों में कर रहे भंडारण

प्याज की खेती किसानों के लिए नुकसान का सौदा साबित हो रहा है। बाजार में भाव 200 से 300 रुपए क्विंटल बिक रहा है। परेशानी यह है कि प्याज मंडी में लाकडॉउन के चलते नहीं पहुंच पा रहा है। इसके चलते किसानों को उनकी लागत नहीं निकल पाने का भय बना हुआ है। किसान प्याज को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए घर पर ही जुगाड़ कर होममेड कोल्ड स्टोरेज के जरिए खराब होने से बचाने के लिए व्यवस्था कर रहे हैं। गांव चिड़ी के किसान करणसिंह आंजना ने बताया कि 10 बीघा खेत में प्याज लगाया था। करीब 500 क्विंटल प्याज की पैदावार हुई है। प्याज खरीदार भी आए, लेकिन भाव कम मिलने से बेच नहीं सका। कम दाम में प्याज बेचने में नुकसानी हो रही है। बीज, रोपाई, खाद, दवाई व मजदूरी जोड़े तो 12 से 14 हजार रुपए प्रति बीघा का तो खर्च हो गया है।
मड़ावदा : किसानों का खर्च तक नहीं निकल रहा
मड़ावदा | प्याज इस समय किसानों को रुला रहा है। किसान इस बेबसी को काेराेना संकट काल में किसी को बता तक नहीं पा रहा है और प्याज को समेटने में लगा है। मंडी मे प्याज 1 से 6 रुपए किलो तक बिक रहा है। इससे किसानों को खेती घाटे की साबित हो रही है। 6 रुपए किलो प्याज अच्छी क्वालिटी का बिक रहा है, जो चुनिंदा किसान के पास है। बाकी एवरेज 3 से 4 रुपए प्रतिकिलाे ही बिक रहा है। ग्राम बरथुन के किसान हस्तिमल पाटीदार ने बताया एक रुपए किलो प्याज बिका, बेचना मजबूरी थी, क्योंकि घर में रखने के लिए इंतजाम नहीं है। जितने संभाल सके, उतने रखे हैं, बाकी का प्याज मजबूरन बेचना पड़ा। पाटीदार ने बताया लगभग 5 से 6 माह की मेहनत से 1 किलो प्याज उगाने में 6 से 7 रुपए का खर्च आता है और उसकी कीमत ही अगर 3-4 रुपए किलो मिले तो किसानों की लागत भी नहीं निकलती। मुनाफा तो दूर की बात है। सरकार को प्याज का समर्थन मूल्य 10 रुपए किलो घोषित कर खरीदी करना चाहिए, ताकि किसानों को थोड़ी राहत मिल सके।
सुरक्षा के लिए व्यवस्था
किसान कमलसिंह आंजना ने बताया कि प्याज का भंडारण करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में प्याज गोदाम में जमीन से कुछ ऊंचाई पर जाली डालकर उस पर प्याज फैला दिया गया है। बीच में पंखा लगाकर जाली के नीचे ठंडी हवा पहुंचाने का प्रबंध किया। हवा लगने से प्याज खराब नहीं होगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/374GlXR
0 Comment to "प्याज किसानों के लिए बन रही मुसीबत, दाम नहीं मिलने से किसान घरों में कर रहे भंडारण"
Post a Comment