भोपाल में 24 से 10 दिन का टोटल लॉकडाउन; कलेक्टर ने कहा-उज्जैन में फिलहाल जरूरत नहीं

भोपाल में बुधवार को काेरोना विस्फोट हुआ। यहां एक ही दिन में अब तक सबसे ज्यादा 215 नए संक्रमित मिले। इसके बाद यहां 24 जुलाई से 10 दिन के लॉकडाउन की घोषणा कर दी गई है। इधर, इंदौर में 118 नए पॉजिटिव मरीज मिले और 1 की मौत हो गई। शहर में पॉजिटिव रेट अब 7.72 पर पहुंच चुका है। उज्जैन में 32 नए पॉजिटिव मिले। इनमें 21 अकेले उज्जैन शहर के हैं।
इसी बीच, सीरो सर्वे में खुलासा हुआ है कि इंदौर के कंटेनमेंट जोन में आठ फीसदी आबादी संक्रमित है। आईआईटी के दो और कर्मचारी पॉजिटिव मिले। बता दें कि यहां काेरोना पर वैक्सीन पर काम चल रहा है। उज्जैन कलेक्टर आशीष सिंह ने स्पष्ट किया है कि शहर में फिलहाल लॉकडाउन नहीं होगा। आपदा समूह की अगली बैठक में परिस्थिति के मुताबिक फैसला लिया जाएगा। अभी रविवार का लॉकडाउन चलेगा।
भोपाल आने-जाने के लिए फिर ई-पास जरूरी
उधर, भोपाल में करीब डेढ़ महीने बाद फिर से लॉकडाउन लगाया जा रहा है। बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कोरोना समीक्षा की बैठक में यह फैसला लिया। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि 3 अगस्त तक लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान दवा, सब्जी, दूध, इंडस्ट्री, सरकारी राशन की दुकान खुली रहेंगी। जरूरी सामान की अापूर्ति बनी रहेगी। शहर से बाहर आना-जाना बंद रहेगा। इसके लिए ई-पास जारी किए जाएंगे। भोपाल में काेरोना के एक हजार मरीज महज सात दिन में ही बढ़ चुके हैं।

ठेला संचालक डॉ. रईसा ने अंग्रेजी में दागे सवाल

मा लवा मिल चौराहे इंदौर पर सब्जी वालों को हटाने पहुंची नगर निगम की टीम तब हैरत में पड़ गई, जब आम बेच रहीं डॉ. रईसा अंसारी ने उन्हें अंग्रेजी में खरीखोटी सुना दी। डीएवीवी से मटेरियल साइंस में एमएससी और पीएचडी डॉ. रईसा ने कहा, अब हम लोग क्या करें, प्रधानमंत्री या कलेक्टर के घर जाकर मर जाएं या निगम के गले पड़ें? सब्जी बेचना हमारा पुश्तैनी काम है। पिता 75 साल के हो गए हैं। यहां 65 साल से कारोबार कर रहे हैं। अचानक आकर कोई हमें कैसे भगा सकता है। कभी कहते हैं लेफ्ट, कभी कहते हैं राइट, परेशान हो गए हैं। हर फल और सब्जी वाले के परिवार में 25 से 27 लोग हैं, उनका भरण पोषण कैसे करें? कई दिनों से पानी पीकर सो रहे हैं। किसी प्रकार की आमदनी नहीं हो रही। करें तो क्या करें?

दो महीने पहले स्वस्थ हुई महिला दोबारा संक्रमित, इंदौर में ऐसा पहला केस
इंदौर | दो महीने पहले कोरोना से स्वस्थ हुई महिला के दोबारा संक्रमित होने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इंदौर में अपनी तरह के इस अलग केस से डॉक्टर भी हैरान हैं। वे भी पड़ताल में जुटे हैं कि ऐसा हुआ कैसे। उक्त महिला की उम्र 50 वर्ष है और वे नार्थ तोड़ा निवासी हैं। उन्हें 18 मई को संक्रमित होने के बाद 20 मई को अरबिंदो में भर्ती कराया था। 10 दिन इलाज के बाद 30 मई को स्वस्थ होकर घर लौटीं। हाल ही में तबीयत बिगड़ने पर 12 जुलाई को जांच कराई तो फिर रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। अब उन्हें एमआरटीबी अस्पताल में भर्ती कराया है।

महिला के मुताबिक, परिवार में एक सदस्य की हार्ट अटैक से मौत हुई थी, उसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने संदेह पर सभी के सैंपल लिए। उनकी स्थिति बिलकुल ठीक है, मई में भी जब वे पॉजिटिव आई थीं, तब भी कोई दिक्कत नहीं थी।
जिन 8 ‌फीसदी में दोबारा की संभावना, उसमें भी कई कैटेगरी
एक्सपर्ट बताते हैं कि दुनिया के सारे केस के अध्ययन के बाद यह बात सामने आई कि 92 फीसदी लोगों को दोबारा कोरोना नहीं होता। जिन 8 फीसदी केस में पुन: इसकी संभावना होती है, उनमें भी अलग-अलग कैटेगरी हैं, यानी इन 8 प्रतिशत में भी बहुत सारी व्याख्याएं की गई हैं। यह विषम परिस्थितियों में ही दोबारा संभव है। ये अपने आप में अलग मामला है, इसकी केस स्टडी होगी।

वृंदावन धाम कॉलोनी में फिर कोरोना भरतपुरी क्षेत्र में पहली बार संक्रमण

कोरोना का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को 32 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें उज्जैन शहर के 21 मरीज हैं।
सीएमएचओ डॉ. महावीर खंडेलवाल ने बताया बुधवार को 997 लोगों की रिपोर्ट आई है। इनमें 965 निगेटिव पाए। अब 32 पॉजिटिव सहित कुल 1056 पॉजिटिव हो चुके हैं। इनमें से 822 ठीक हो चुके हैं। बुधवार को 9 मरीज ठीक होकर घर गए। जिले में अब तक 71 मरीजों की मौत हो चुकी है। बुधवार को आए पॉजिटिव मरीजों में उज्जैन शहर के 21, घट्टिया के एक, बड़नगर के एक, नागदा के चार, महिदपुर के तीन तथा तराना के 2 मरीज संक्रमित पाए गए हैं। हॉस्पिटल में भर्ती पॉजिटिव मरीजों की संख्या 163 हो गई है। वृंदावनधाम कॉलोनी में 9 मरीज, श्रीरामनगर में एक, जयसिंहपुरा में एक, दुर्गा कॉलोनी में एक, गोंसा क्षेत्र में एक, पटेल नगर में एक, भरतपुरी में एक, पटनी बाजार में एक, बियाबानी चौराहा पर एक, सूरज नगर में एक और नानाखेड़ा क्षेत्र में एक मरीज पॉजिटिव पाया है। मरीजों की संख्या बढ़ते ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी हेल्थ बुलिटिन में मरीजों की डिटेल नहीं दी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
24 to 10 days total lockdown in Bhopal; Collector said - no need in Ujjain right now


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ZR0RsX

Share this

Artikel Terkait

0 Comment to "भोपाल में 24 से 10 दिन का टोटल लॉकडाउन; कलेक्टर ने कहा-उज्जैन में फिलहाल जरूरत नहीं"

Post a Comment