शहर में नालियां चोक, मुख्य मार्गों पर बह रहा पानी, आने-जाने में लोगों को समस्या

शहर में नालियों के चोक होने से अधिकांश मुख्य मार्गों की हालत खराब है। नालियों का गंदा पानी पूरे दिन सड़क मार्गों पर बहता रहता है। जिससे न केवल गंदा पानी, बल्कि कीचड़ भी सड़कों पर फैलता है। लगातार पानी बहने से सड़कें तो उखड़ ही रही हैं, साथ ही बदबू के कारण आसपास रहने वाले लोग भी खासे परेशान हैं।
महीनों से नालियों की सफाई नहीं हुई है। खास बात यह है कि इन दिनों स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत विशेष सफाई अभियान चल रहा है। नगर पालिका स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर दीवारों पर पेंटिंग करा रही है, पुराने कचरे के ढेरों की सफाई करा रही है लेकिन नालियों की साफ सफाई पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। शहर के बाहरी इलाकों चूनगर फाटक बाहर जिला अस्पताल रोड पर पूरे दिन फूटी पाइप लाइन और नालियों के चोक होने से गंदा पानी मुख्य मार्ग पर फैलता है। जबकि यह मार्ग काफी व्यस्ततम मार्ग है।
लगातार गंदा पानी सीसी सड़क पर बहने से सीसी सड़क में भी कई जगह गहरे-गहरे गड्ढे हो गए हैं। यहां पैदल निकलना मुश्किल है। दो पहिया वाहन चालक गड्ढों में फिसलकर गिर जाते हैं। लेकिन नगर पालिका ने महीनों से इन नालियों की साफ सफाई नहीं कराई है। यही नहीं एक तरफ तो कुछ हिस्से में नालियां भी नहीं हैं। घरों से निकलने वाला गंदा पानी सीधे सड़क मार्ग पर बहता है। इसी तरह चूनगर फाटक से ठंडी सड़क के बीच के सड़क मार्ग की भी यही स्थिति है। यहां दोनों तरफ पक्की नालियां बनी हैं लेकिन नालियों की वर्ष भर में सिर्फ एक बार ही बारिश के सीजन में ही सफाई कराई जाती है। बांकी दिनों नालियां चोक रहती हैं। वर्तमान में इन दोनों सड़कों पर निकलना मुश्किल है। गंदे पानी के कारण बच्चों के पकड़े खराब हो जाते हैं तो वहीं दो पहिया वाहन चालक गंदे पानी के छींटे उचटने से कपड़े खराब कर बैठते हैं।
यहां भी दिनभर बहता है पानी, उखड़ गई सड़क
शहर के अंदर राजगढ़ पर बने फिल्टर प्लांट पर पाइप लाइन लीकेज होने और ढलान की नालियां चोक होने से पानी पूरे दिन ढलान पर बहता है। सीसी सड़क पर पानी बहने से सड़क चिकनी हो गई है जिससे दो पहिया वाहन फिसलते हैं। यही नहीं ढलान के नीचे सीसी सड़क उखड़ गई है। तीन पहिया वाहन और दो पहिया वाहन बचते बचाते हुए निकलते हैं जिससे कभी कभी सामने आ रहे वाहन दुर्घटना ग्रस्त होने का डर रहता है।
नहीं की जा रही सफाई
चूनगर फाटक से अस्पताल रोड और चूनगर फाटक से ठंडी सड़क मार्ग पर महीनों से गंदा पानी बह रहा है। नालियां चोक हो गई हैं लेकिन नपा कर्मचारी नालियों की सफाई नहीं करा रहे हैं। जिससे बदबू भी फैल रही है। मोहल्ले में रहना मुश्किल हो गया है। लेकिन नपा कर्मचारी सुनते ही नहीं हैं।
आसमा खान, ईदगाह मोहल्ला
कर्मचारी नहीं सुनते हैं
बीएसएनएल एक्सचेंज से लेकर मुड़ियन का कुआं तक पूरे दिन गंदा पानी बहता रहता है। हम वार्ड में सफाई करने आने वाले कर्मचारियों को नालियों की सफाई करने के लिए कहते हैं लेकिन कर्मचारी सुनते नहीं हैं। नालियों की सफाई होने से पानी बहना बंद हो जाएगा और सड़क भी खराब नहीं होगी।
मोनू साहू, मुड़ियन का कुआं
नालियों की सफाई के लिए कर्मचारियों को कहा है
शहर में इन दिनों विशेष सफाई अभियान चलाकर हम सभी जगह साफ सफाई करा रहे हैं। नालियों की सफाई करने के लिए भी कर्मचारियों को कहा गया है। अगर सफाई नहीं हुई है तो हम कर्मचारी भेजकर सफाई कराएंगे। एके दुबे, सीएमओ, नगर पालिका दतिया
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3h1UJVI
0 Comment to "शहर में नालियां चोक, मुख्य मार्गों पर बह रहा पानी, आने-जाने में लोगों को समस्या"
Post a Comment