सदर के बाद मढ़िया विट्ठलनगर बनने लगा हॉटस्पॉट, 13 केस मिले

सागर में शुक्रवार को 24 और नए केस मिले। आंकड़ा अब 165 पहुंच चुका है। सदर में सबसे ज्यादा मरीज 92 सामने आए। सदर की तरह अब मढ़िया विट्ठलनगर भी हॉट स्पाट बनता नजर आ रहा है। यहां 4 और नए केस मिले।अब यहां कुल 13 मरीज हो चुके हैं। इनमें 50 वर्षीय महिला, 57 वर्षीय पुरुष, 8 साल की मासूम और 20 वर्षीय युवती शामिल हैं। इनमें से 57 वर्षीय पुरुष को छोड़कर शेष सभी पहले से संक्रमित व्यक्ति के परिवार से हैं। वहींगुरुवार को यहां 7 पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई थी। इस तरह अब तक यहां कुल 13 पॉजिटिव मिल चुके हैं।
सिविल लाइन में दूध बांटने वाला 36 वर्षीय व्यक्ति पॉजिटिव: अब तक कोरोना पॉजिटिव मरीजों से दूर सिविल लाइन और सूबेदार वार्ड में भी वायरस की दस्तक हो चुकी है। इनमें सूबेदार वार्ड में 31 वर्षीय युवक और सिविल लाइन स्थित गौर नगर में 36 वर्षीय व्यक्ति पॉजिटिव मिले हैं। सिविल लाइन में पॉजिटिव मिला व्यक्ति दूध बांटने वाला बताया जा रहा है। जिसे सर्दी-खांसी की शिकायत थी और 26 मई को उसकी टीबी अस्पताल में जांच हुई थी। पॉजिटिव के परिवार में 15 से अधिक सदस्य हैं। जिसमें एक भाई बीएमसी में गार्ड की नौकरी भी करता है। मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने क्षेत्र कंटेनमेंट एरिया में तब्दील कर दिया है। वहीं परिवार के सभी सदस्यों को क्वारेंटाइन किया जा रहा है। इसके अलावा मकरोनिया में दूसरे पॉजिटिव के रूप में 35 वर्षीय व्यक्ति और मोतीनगर में तीसरे पॉजिटिव के रूप में 30 वर्षीय युवक की पुष्टि हुई है।
सिंधी कॉलोनी स्थित मोहन होटल सील
प्रतिबंधित खाद्य सामग्री जैसे समोसे, जलेबी, दही बड़े आदी बेचने पर कलेक्टर एवं जिला दण्डधिकारी के आदेश पर एक होटल को सील किय गया है। होटल का नाम माेहन होटल सिंधी कॉलोनी है। इसके संचालक के खिलाफ धारा 188 के तहत एफआईआर भी दर्ज की गई है। कार्रवाई के दौरान डिप्टी कमिश्नर नगर निगम डॉ प्रणय कमल खरे, नायब तहसीलदार कुलदीप सिंह ठाकुर और एसआई मोतीनगर रामू प्रजापति मौजूद थे
कंटेनमेंट क्षेत्र के नागरिकों के दबाव से सफाईकर्मी नाराज, बोले-नहीं करेंगे काम
राेजाना पॉजिटिव केस उगल रहे सदर के कंटेनमेंट जोन को लेकर स्थानीय निवासियों ने नाराजगी जताना शुरू कर दी है। हालात ये हो गए हैं कि वे स्थानीय एजेंसी कैंट बोर्ड के कर्मचारियों पर अपने-अपने घरों के आसपास लगे बेरिकेडस हटाने के लिए बदसलूकी पर उतर आए हैं। ऐसे ही किसी मामले के चलते गुरुवार को स्थानीय सफाईकर्मियों ने काम करने से मना कर दिया। कैंट के सफाई व्यवस्था के नोडल अधिकारी संजय मिश्रा मौके पर पहुंचे और उन्हें समझाया कि आप अपना काम करें। कैँटवासियों की मदद करें। संकट काल में इस तरह से नाराजगी जताना ठीक नहीे। सफाई कर्मी मान गए। फिर भी उन्होंने कहा कि कंटेनमेंट के भीतर लोगों की अगर कोई समस्या है तो उसे निराकृत किया जाए ताकि वह हम लोगों पर नाराजगी नहीं जताएं।
कैंट के एक अधिकारी ने बताया कि ये बात सही है कि कंटेनमेंट जोन में जीवनचर्या शहर के बाकी हिस्सों जैसी नहीं रह गई है। मैं स्वयं करीब 15 दिन से अपने घर नहीं गया। अस्पताल में सो रहा हूं। इसके बावजूद यहां के लोग इस महामारी की गंभीरता समझने तैयार नहीं। वे केवल अपनी आवाजाही को सुगम बनाने यहां-वहां के बेरिकेड्स हटवाने की मांग कर रहे हैं जो ठीक नहीं है। बता दें कि वर्तमान में सदर कंटेनमेंट में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 50 से ऊपर हो चुकी है। तीन से ज्यादा मौते हो गई हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2TP0ewQ
0 Comment to "सदर के बाद मढ़िया विट्ठलनगर बनने लगा हॉटस्पॉट, 13 केस मिले"
Post a Comment