मिशन ग्रीन नौगांव के तहत एक साल में युवाओं ने रोपे 3500 पौधे

नगर को हराभरा बनाने के उद्देश्य से पौध रोपण का कार्य कर रहे मिशन ग्रीन नौगांव ग्रुप ने एक साल में साढ़े 3 हजार से अधिक पौधे रोप कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इनमें 95 फीसदी से अधिक पौधे जीवित एवं स्वस्थ हैं।
पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने के उद्देश्य से मिशन ग्रीन नौगांव ग्रुप ने एक वर्ष पहले विश्व पर्यावरण दिवस के दिन पौध रोपण का कार्य शुरू किया था। जन सहयोग से मुहिम को बढ़ाते हुए एक वर्ष में 3 हजार 5 सौ से अधिक पौधे रोपित कर उनकी देखरेख करने के लिए युवाओं की टीम निरंतर कार्य करती आ रही है। इस वर्ष भी विश्व पर्यावरण दिवस पर एक वर्ष पूरे होने पर 31 पौधे रोपे गए, इन्हें ट्री गार्ड से सुरक्षित किया गया।
बढ़ते तापमान गर्मी एवं ग्लोबल वार्मिंग को देखते हुए पिछले एक वर्ष से समाजसेवियों पर्यावरण प्रेमी युवाओं की टीम ने चिंता व्यक्त करते हुए नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में 5 लाख वृक्ष लगाने का संकल्प लिया था। राशि एकत्रित कर वृहद रूप में पौधरोपण की शुरुआत विश्व पर्यावरण दिवस पर ट्री गार्ड सहित 11 पौधे 48℃डिग्री तापमान में लगाए गए। मिशन ग्रीन द्वारा एक वर्ष में विभिन्न अवसरों पर पौधरोपण किया गया जिसमें कवर्ड एरिया में वल्क में एवं खुले एरिया में ट्री गार्ड सहित अभी तक 35 सौ से अधिक पौधे रोपित किए गए। इन पौधों की देखरेख ट्री एम्बुलेंस की टीम कर रही है, पानी डालने का कार्य निरंतर कर रही है। करीब 95 प्रतिशत से अधिक पौधे जीवित स्थिति में है।
मिशन ग्रीन का एक साल बेमिसाल
मिशन ग्रीन टीम के सदस्यों द्वारा सोशल मीडिया पर पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया जिस पर अनेकों अवसरों पर पौधरोपण के लिए लोगों में जागरूकता आई। क्राउड फंडिंग से 2.35 लाख रुपए से ट्री गार्ड बनवाते हुए बरुआसागर एवं मऊरानीपुर से बल्क में पौधे लाकर रखे। ट्री मैन ललित नायक के सौजन्य से मिशन ग्रीन के स्वयंसेवक सावन दीक्षित के जन्मदिन पर ट्री ग्रीन एम्बुलेंस मिशन ग्रीन को समर्पित की थी जो निरंतर पौधों की सेवा में लगी हुई है।
इन अवसरों पर रोपे गए पौधे
एक साल पहले पर्यावरण दिवस पर 11 पौधे रोपित कर मिशन ग्रीन की शुरुआत की। इसके बाद सोशल मीडिया के माध्यम से जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ, पुण्यतिथि, सेवानिवृत्ति, स्थानांतरण के अलावा बेटी की विदाई के पूर्व एवं बहु के गृह प्रवेश से पहले अनेकों विवाह अवसरों पर पौधरोपण किया। जागरूक किया कि लाड़ली लक्ष्मी बेटी का जन्म हो या बेटे का सभी पौधे लगाएं। यहां तक कि त्रयोदशी पर शान्तिभोज के पहले परिजनों के द्वारा उनकी याद में पौधरोपण करने वाला एक मात्र नगर नौगांव है। पितृ पक्ष में पूर्वजों की याद में, नवरात्रि, दशहरा, दीपावली एवं होली के पर्व पर भी मिशन ग्रीन के तहत पौधे रोपित किए गए। अब पौधा लगाने की नगर में एक परंपरा सी बन गई और लोगों ने भी आदत बना ली। मिशन ग्रीन के एक वर्ष पूर्ण होने पर सुबह 7 बजे बाबा गुलाब शाह की मजार के सामने, 11 बजे मुक्तिधाम, शाम 4 बजे पॉलिटेक्निक के पीछे कुल 31 पौधे ट्री गार्ड सहित लगाए गए।
मिशन ग्रीन टीम के यह लोग कर रहे कार्य: मिशन ग्रीन टीम में ट्रीमैन ललित नायक, संयोजक राजेश अग्निहोत्री, कोआर्डिनेटर सनातन रावत, अशोक तिवारी, सावन दीक्षित, गजेन्द्र सोनकिया, अभय नायक, डॉ अंचल सेन, राहुल रूसिया, इमरान खान, सुशील तिवारी, महेश साहू, अभय तिवारी, कुलदीप यादव, सौरभ तिवारी, विवेक जैन, तृप्ति कठैल, राजेश मिश्रा, जीतेंद्र पटेरिया, हृदेश रावत, रानू राजा, पंकज खरे ओमजी, महेश कुशवाहा कार्यसेवक सहित कई वालेंटियर सहयोग देकर मिशन ग्रीन को सफल बनाने में लगे हुए हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2MzTVsO
0 Comment to "मिशन ग्रीन नौगांव के तहत एक साल में युवाओं ने रोपे 3500 पौधे"
Post a Comment