अयोध्या में भूमिपूजन के चलते अंचल के मंदिरों में सजावट के साथ हुई महाआरती व सुंदरकांड

सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बाद राम भक्तों में अयोध्या में भगवान के भव्य निर्माण को लेकर इंतजार बना हुआ था। बुधवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्माण स्थल पर शीला का पूजन कर भूमि पूजन किया। इसे देखते हुए नगर व गांवों के मंदिरों में धार्मिक आयोजन महाआरती, सुंदरकांड व पूजा-अर्चना होने से माहौल धर्ममय हो गया था। वहीं नगर के श्रीराम मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इसी तरह नगर के खेड़ापति हनुमान मंदिर में प्रभुप्रेमी संघ ने पूजा-अर्चना की तथा आने वालों का भारतीय पोषक टोपी व श्रीराम नाम लिखे दुपट्टे से किया अभिवादन किया।
बुधवार को नगर में ब्लाक कांग्रेस, प्रभु प्रेमी संघ, हिंदू उत्सव समिति, विहिप, बजरंग दल सहित हिंदू संगठनों ने धार्मिक आयोजन किए। वहीं अयोध्या में भूमिपूजन होने के साथ ही नगर के श्रीराम मंदिर में तुलसी मानस मंडल के सदस्यों ने सुंदर कांड का पाठ किया। मंदिर में विराजमान भगवान श्रीराम, लक्ष्मण,माता सीता का विशेष श्रंगार किया गया। यहां पर महाआरती का आयोजन किया गया। जिसके पश्चात प्रसाद का वितरण किया गया। वहीं राम भक्तों के उत्साह के आगे कोरोना वायरस का भय भी नहीं देखने को मिला। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में राम मंदिर की आधारशिला स्थापना और भूमि पूजन के शुभ मुहूर्त पर प्रभु प्रेमी संघ ने खेडापति हनुमान मंदिर अंजनी नगर में आरती का आयोजन किया। पूजन, भगवत भजन, कीर्तन और गगनभेदी जयकारों के साथ शंखनाद करके श्रद्धालुओं ने अपनी प्रसन्नता का इजहार किया। मंदिर परिसर में ही प्रभु प्रेमी जन ने अयोध्या में भूमि पूजन कार्यक्रम का टीवी पर लाइव प्रसारण देखा। अभिजीत मुहूर्त में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मंदिर की शिला स्थापना के साथ ही घण्टे घड़ियाल बजा कर हनुमान चालीसा, राम स्तुति का सस्वर पाठ किया गया। सभी भक्तों ने रामायणजी, हनुमानजी और प्रभु प्रेमी संघ के संस्थापक स्वामी अवधेशानंद की भक्ति भाव से आरती की।
श्रीराम जयराम जय जय राम की गुंजायमान ध्वनि से जयघोष किया
प्रभु प्रेमी संघ संयोजक कैलाश परमार, खेडापति मंदिर प्रमुख प्रेमनारायण गोस्वामी, अध्यक्ष सुरेश पालीवाल, गायत्री मंदिर अध्यक्ष रामेश्वरप्रसाद खंडेलवाल, मोहन सिंह अजनोदिया, प्रेमनारायण शर्मा ने भगवान श्रीराम दरबार के चित्र के समक्ष पूजा अर्चना तथा आराध्य भगवान श्रीराम जयराम के गुंजायमान ध्वनि से जयघोष किया। योग शिक्षक रामनरेश यादव का अभिनंदन किया। आभार स्वर्णकार समाज अध्यक्ष सुभाष सोनी ने व्यक्त किया।
श्रद्धालुओं का प्रभु प्रेमी संघ ने किया स्वागत, रंगोली सजाई
कार्यक्रम स्थल पर आए श्रद्धालुओं का प्रभु प्रेमी संघ महासचिव प्रदीप प्रगति व शैलेष राठौर ने जयश्रीराम लिखा दुपट्टा व श्वेत टोपी पहनाकर अभिवादन किया। मंदिर परिसर को पुष्पमाला एवं रांगोली से
सजाया गया।
बुधवारा चौराहे पर आकर्षण का केंद्र रहा भगवान श्री राम का चित्र
बुधवार को भक्तों ने बुधवारा चौराहे पर भगवान श्रीराम का बड़े रूप में कटआउट बनाकर लगाया था। जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
शाम को दिखा दीवाली का नजारा
नगर व गांवों के सभी मंदिरों में भूमिपूजन के समय घंटी, घंटाल बजाए गए। वहीं मार्गों को केसरिया ध्वज लगाकर सजाया। रात के समय नगर व गांवों में लोगों ने अपने घरों के आगे दीप जलाने से दीवाली जैसा नजारा देखने को मिला।
कारसेवकों का किया सम्मान
नगर भाजपा मंडल ने बुधवार की शाम को अयोध्या में पहुंचे कारसेवकों का बुधवारा के श्रीराम मंदिर में सम्मान किया गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3kjNwl5
0 Comment to "अयोध्या में भूमिपूजन के चलते अंचल के मंदिरों में सजावट के साथ हुई महाआरती व सुंदरकांड"
Post a Comment