पिछले पांच सालों में 13 दिसंबर को रात का पारा सबसे अधिक 16.8 डिग्री दर्ज

जिले में मौसम में आए बदलाव से ठंड बढ़ गई है, लेकिन रात के तापमान में गिरावट दर्ज नहीं हुई। शनिवार की रात में हुई बारिश के बाद रविवार को सुबह से धुंध छाई रही। दिनभर सूरज नहीं निकला। मौसम में ठंडक बनी रही, लोग ठंड से राहत के लिए दिन में भी गर्म कपड़े पहने रहे। पूरे दिन हल्की धुंध छाई रही। जिससे दिन के तापमान में गिरावट आई है।

रविवार को दिन का तापमान 23.0 डिग्री एवं रात का तापमान 16.8 डिग्री दर्ज किया गया। शनिवार को दिन का तापमान 23.5 डिग्री और रात का तापमान 16.5 डिग्री दर्ज किया गया था। 3 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश होने से रात का पारा ऊपर चढ़ गया, जबकि दिन के तापमान में 0.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

10 दिसंबर 2016 में रात का पारा 6.2 डिग्री पर था : मौसम कार्यालय के जगदीश सोनी के अनुसार 13 दिसंबर के तापमान की बात करें तो इस साल रात का पारा पिछले पांच सालों में सबसे ज्यादा दर्ज हुआ है। जबकि दिन का तापमान पिछले सालों की अपेक्षा कम हुआ है। 2016 में 10 दिसंबर को रात का पारा 6.2 डिग्री तक पहुंच गया था।

13 दिसंबर 2016 को रात का पारा 8.2 डिग्री एवं दिन का पारा 29.0 डिग्री था। इस साल दिन के तापमान में गिरावट आई है। जबकि 2016 की अपेक्षा रात का तापमान दोगुना बढ़ा है। उन्होंने बताया कि बारिश होने और बादलों के कारण रात का पारा ऊपर चढ़ गया है। मौसम साफ होने पर तापमान में गिरावट आएगी।

खेतों में नमी आने से गेहूं और चने की फसलों को होगा फायदा

जिले में रबी सीजन की फसलों में किसान सिंचाई करने में जुटे थे। असिंचित जमीन में किसान दिन रात पंप चलाकर पानी डाल रहे थे। शनिवार को हल्की बारिश के बाद रात में तेज बारिश होने से खेतों में नमी आने से फसलों को काफी फायदा होगा। किसानों की मानें तो यह बारिश फसलों के लिए अमृत है। बारिश से चना, गेहूं की फसल को काफी फायदा पहुंचेगा।

आज से तापमान में गिरावट आने की संभावना

कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि मौसम वैज्ञानिक राजेश खवसे ने बताया 14 दिसंबर के बाद तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। हल्के बादल छाए रहेगें। उन्होंने किसानाें को सलाह दी है कि चने की फसल के जब पौधे 15-20 सेंटीमीटर की ऊंचाई के हो जाएं तब शीर्ष शाखाएं तोड़ने की प्रक्रिया यानि खुटाई करना चाहिए। जिससे प्रति पौधा फूल एवं फलियाें की संख्या में वृद्धि हो सके।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3qW2twW

Share this

Artikel Terkait

0 Comment to "पिछले पांच सालों में 13 दिसंबर को रात का पारा सबसे अधिक 16.8 डिग्री दर्ज"

Post a Comment