आशा कायर्कर्ता ने बिना सुरक्षा किया सर्वे आसपास के मरीजों से संक्रमित हुए 3 अन्य

शुक्रवार को आई चार लोगों की पॉजिटिव रिपोर्ट के साथ जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 298 पर पहुंच गया है। इनमें एक आशा कार्यकर्ता भी शामिल है। पीपीई किट पहनकर तेज धूप में सर्वे करने से उनका ब्लड प्रेशर बढ़ रहा था। इसलिए कुछ दिन बिना किट के संक्रमित क्षेत्रों में सर्वे किया। ऐसे में उन्हें बुखार आया। जांच कराने पर वे कोरोना पॉजिटिव पाई गईं। इनके अलावा तीन पॉजिटिव मरीज मिले हैं। ये सभी आसपास के लोगों से संक्रमित हुए हैं।
इतवारा निवासी 37 वर्षीय आशा कार्यकर्ता ने बताया सरदार पटेल वार्ड और इतवारा वार्ड में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद घर-घर सर्वे किया। जहां-जहां पॉजिटिव मरीज मिले, उनके परिवार सहित संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई। शुरुआत में कुछ दिन पीपीई किट पहनकर तेज धूप में सर्वे किया। इससे ब्लड प्रेशर बढ़ गया। फिर कुछ दिन सिर्फ मास्क और ग्लब्स पहनकर सर्वे किया। पिछले सप्ताह अचानक तेज बुखार आया। शुरुआत में लगा तेज धूप में लू लगी होगी। जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती हुई। इस बीच कोरोना जांच के लिए सैंपल दिया। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में पता चला मैं पॉजिटिव हूं। ठीक है जो गलतियां हुईं, वो आगे से नहीं दोहराऊंगी। इस गलती से जो सीखा, लोगों को बताऊंगी और दूसरे को संक्रमित होने से रोकूंगी।
घर और दुकान के पास 7 संक्रमित, मोबाइल दुकान संचालक पॉजिटिव
सिलमपुरा के 50 वर्षीय मोबाइल दुकान संचालक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जयस्तंभ क्षेत्र में उनकी दुकान है। वहां दो लोग संक्रमित मिले थे। सिलमपुरा में उनके घर के पीछे चार और घर के आगे की गली में भी एक संक्रमित मिला। सिर्फ उनके घर का हिस्सा कंटेनमेंट में नहीं है। उनका कहना है लॉकडाउन में घर से नहीं निकले। बताते हैं फल-सब्जी या किराना लेने के दौरान वे संक्रमित हुए हैं।
घर से बाहर निकले ही नहीं, 50 वर्षीय बुजुर्ग कोरोना संक्रमित
लालबाग के 50 वर्षीय बुजुर्ग की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। बताते हैं वे लॉकडाउन में घर से बाहर निकले ही नहीं। हालांकि उनके घर के सदस्य जरूर कई बार जरूरी काम के लिए घर से बाहर निकले। ये फल-सब्जी और किराना लाने सहित अन्य कामों के दौरान लोगों के संपर्क में आए। घर में 50 साल के बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ने पर कोरोना जांच कराई तो वे पॉजिटिव निकले।
10 दिन पहले पॉजिटिव मिला सब्जी बेचने वाला, इससे महिला संक्रमित
महाजनापेठ की 47 वर्षीय महिला लॉकडाउन में ज्यादा बाहर नहीं निकली। क्षेत्र के कुछ सब्जी वालों से परिवार के सदस्य कभी-कभी संपर्क में रहे। महिला भी कई बार पड़ोस में सब्जी लेने जाती थी। करीब 10 दिन पहले यह सब्जी वाला कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। इसके बाद महिला की तबियत बिगड़ी। जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
कलेक्टर के निर्देश रोजाना 100 सैंपल भेजें इंदौर
संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखकर कलेक्टर प्रवीण सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को जिले में कोरोना जांच के लिए सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है रोजाना 100 सैंपल जांच के लिए इंदौर भेजे जाएं। इसके बाद शुक्रवार से फिर सैंपलिंग की संख्या बढ़ गई। शुक्रवार को करीब 70 सैंपल जांच के लिए भेजे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Xd4p7G
0 Comment to "आशा कायर्कर्ता ने बिना सुरक्षा किया सर्वे आसपास के मरीजों से संक्रमित हुए 3 अन्य"
Post a Comment