पैतृक संपत्ति के विवाद में भतीजे ने 70 साल की ताई के कमर और पेट पर चाकू से किए 6 वार, आए 39 टांके, आरोपी फरार


नाला मोहल्ले के भगत सिंह नगर में पैतृक संपत्ति के बंटवारे काे लेकर विवाद करते हुए 70 वर्षीय बुजुर्ग ताई पर भतीजे ने चाकू से जानलेवा हमला कर गंभीर घायल कर दिया। आराेपी ने ताई के पेट और कमर पर चाकू से 6 वार किए हैं। आरोपी मनोज सिंह राजपूत ताई पर हमला करने के बाद भाग गया। चाकू के घाव इतने गंभीर थे कि तीन अस्पतालों में 39 टांके लगाए गए। होशंगाबाद के एक निजी अस्पताल के प्रबंधन ने शाम काे बताया कि बुजुर्ग महिला वेंटिलेटर पर हैं उनकी हालत नाजुक है। रविवार दोपहर 12 बजे छात्रावास के पास बुजुर्ग कांताबाई पति रघुवीर सिंह पर हमला उनके देवर रमेश सिंह के बेटे मनोज ने किया। सूचना मिलने पर डायल 100 घटनास्थल पर पहुंची। तब तक आरोपी भाग चुका था। इसके बाद जांच अधिकारी अस्पताल पहुंचे। खून से लथपथ बुजुर्ग ताई का प्राथमिक उपचार डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सरकारी अस्पताल में हुआ। इसके बाद नजदीकी दयाल नर्सिंग होम ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर वहां से होशंगाबाद के नर्मदा हॉस्पिटल भेज दिया। चाकू के घाव पेट में अंदर तक लगे। तीन अस्पतालों में 39 से ज्यादा टांके लगाए गए। वेंटिलेटर पर महिला को चार यूनिट ब्लड की जरूरत बताई गई है।
चाकूबाजी पैतृक संपत्ति के बंटवारे के विवाद काे लेकर की, हत्या के प्रयास का केस दर्ज
सिटी थाने के एएसआई आरडी झाड़े ने बताया, नाला मोहल्ले में चाकूबाजी की यह घटना पैतृक संपत्ति के बंटवारे के विवाद की है। आरोपी मनोज ताई पर हमला करने से पहले उनके बेटे विनोद से विवाद कर रहा था, जो स्टेशन के सामने पेट्रोल पंप का कर्मचारी है। पुत्र का बचाव करने 70 वर्षीय ताई आई तो गुस्से में आकर आरोपी मनोज सिंह उन पर चाकू से वार करने लगा। आरोपी और घटना में प्रयुक्त चाकू नहीं मिला है। आरोपी पर गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी व हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज किया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2DEdFdT
0 Comment to "पैतृक संपत्ति के विवाद में भतीजे ने 70 साल की ताई के कमर और पेट पर चाकू से किए 6 वार, आए 39 टांके, आरोपी फरार"
Post a Comment