शिव के आंगन में राम नाम का उजाला, शहर में मनी दीपावली

अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के भूमिपूजन के मौके पर पूरा शहर तो राममय था ही शाम को महाकाल के आंगन में राम नाम का उजाला फैला। पूरे शहर में दीपोत्सव मनाया गया। आतिशबाजी की गई। मिठाई बांट कर खुशियां मनाई।
महाकालेश्वर मंदिर परिसर स्थित श्रीराम मंदिर में दोपहर को महाआरती हुई। शाम को महाकाल मंदिर गर्भगृह के सामने दीपों से जय श्रीराम लिखा गया। इसके आगे दीपकों से ही स्वास्तिक बनाया गया। मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर परिसर तक दीपक लगाए गए। पूरा मंदिर दीपोत्सव से सजा दिख रहा था। पंडे-पुजारियों ने आतिशबाजी भी छोड़ी। श्रीराम का जयघोष भी लगाया। परिसर स्थित बाबा बाल हनुमान मंदिर में अखंड रामायण का विराम दोपहर 12 बजे हुआ। भगवान की महाआरती की गई। शाम काे दीपक जलाए गए। अयोध्या में जब भूमिपूजन हो रहा था तब अधिकांश लोग टीवी के सामने बैठकर इस ऐतिहासिक समारोह के हरेक पल को निहारने में जुटे थे। समारोह समाप्त होते ही सड़कों पर लोग निकल आए। मंदिरों में घंटे-घड़ीयाल गूंज उठे। आरती के स्वर गली-चौराहों पर सुनाई दिए। चारधाम आश्रम, रामानुज कोट, श्रीपंच रामानंदी खाकी अखाड़ा, जूना अखाड़ा सहित शहर के अधिकांश हनुमान मंदिरों व श्रीराम मंदिरों में इस अवसर पर उल्लास और उत्सव का माहौल था। टावर चौक पर मिठाई बांट कर खुशी मनाई गई। रामघाट पर स्वामी शांतिस्वरूपानंद गिरि व अन्य संतों की मौजूदगी में श्रीरामार्चन किया गया। कारसेवकों का सम्मान हुआ। शाम को घाट पर दीपों की जगमग हुई। चामुंडा और नगरकोट माता मंदिरों में भी देवी का विशेष शृंगार व पूजन आरती हुई। शहर के उत्सव में कोई विघ्न-बाधा न आए इसलिए आला अफसर पूरे शहर पर निगाह रखे थे। पुलिस शहर में गश्त कर रही थी। संभागायुक्त आनंद शर्मा, आईजी राकेश गुप्ता, कलेक्टर आशीष सिंह, एसपी मनोज सिंह सहित सभी अधिकारी शहर में घूमते दिखे।
घर-आंगन में दीपक लगाए
बिना दीपावली शहर में दूसरी बार दीपोत्सव का नजारा था। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए नागरिकों ने थाली बजा कर दीपक लगाए थे। इसके बाद बुधवार को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण का भूमिपूजन होने के मौके पर नागरिकों ने खुशी से दीपक लगाए। घरों के आगे रंगोली भी सजाई गई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3iisyS5
0 Comment to "शिव के आंगन में राम नाम का उजाला, शहर में मनी दीपावली"
Post a Comment