निवाड़ी जिले में बढ़ रहे कोरोना के मामले, नवागत कलेक्टर ने क्वारेंटाइन सेंटरों का किया निरीक्षण

निवाड़ी जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामले को देखते हुए नवागत निवाड़ी कलेक्टर आशीष भार्गव ने जिले के अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली। रविवार को निवाड़ी में पदभार संभालते ही कलेक्टर भार्गव ने कलेक्टोरेट के सभागार में स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कोविड 19 के संबंध में बैठक ली। बैठक में उन्होंने कोविड 19 की गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर मेघा तिवारी, तरूण जैन, कुशल सिंह गौतम, एसडीएम वंदना राजपूत, तहसीलदार एसडी प्रजापति उपस्थित थे।

कलेक्टर ने जिले में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सैंपल की संख्या और बढ़ाने के लिए निर्देशित किया। इसके साथ ही उन्होंने क्वारेंटाइन केंद्रों एवं वहां की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग में उपलब्ध संसाधनों के बारे में ब्लाॅक मेडिकल आॅफीसर डाॅ. विनोद वाजपेयी से जानकारी ली। जिसमें उन्होंने एंबुलेंस की कमी तथा अन्य संस्साधनों की कमी के बारे में बताया।

जिस पर कलेक्टर ने एंबुलेंस की संख्या बढ़ाने के लिए निर्देशित किया। बैठक के बाद उन्होंने जिले के विभाग प्रमुखों के साथ बैठक ली। जिसमें सभी से उनका परिचय जाना तथा विभाग के कार्यों एवं शासन की संचालित योजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि संसाधनों की कमी को पूरा किया जाएगा, लेकिन उनकी वजह से कामों में विलंब नहीं होना चाहिए।

उन्होंने सभी से कहा कि यदि उन्हें कोई समस्या हो तो उन्हें तत्काल अवगत कराया जाए। जिससे अधिकारी और कर्मचारियों की समस्याओं को सबसे पहले दूर किया जाएगा। बैठकों का दौर खत्म होते ही नवागत कलेक्टर ने कलेक्टोरेट भवन का निरीक्षण किया तथा उपलब्ध संसाधनों को देखा। दोपहर में लंच के बाद उन्होंने क्वारेंटाइन सेंटरों का निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। शाम को फिर से उन्होंने चयनित विभाग प्रमुखों से साथ बैठक ली जिसमें खाद्यान्न पर्ची तथा मुख्य मंत्री स्ट्रीट बेंडर योजना की समीक्षा की। इसके अलावा शासन द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी लेकर उनके सही ढंग से संचालन के लिए दिशा निर्देश दिए।

दो दिन पहले एक साथ मिले थे 28 मरीज
निवाड़ी जिले में 21 अगस्त को एक साथ 28 कोविड के नए मरीज मिले थे। जिनमें से 25 निवाड़ी शहर के और 3 पृथ्वीपुर ब्लॉक के थे। इनमें से 10 कोविड मरीज एक फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर थे। फैक्ट्री में मजदूरों के पॉजिटिव आने के बाद अन्य मजदूरों की भी सैंपलिंग की गई है। नवागत कलेक्टर आशीष भार्गव ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोगों के सैंपल लेकर जांच करवाई जाए। जिससे जिले में कोरोना संक्रमण की चैन को तोड़ा जा सके।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
निवाड़ी। नवागत कलेक्टर ने जिले के अधिकारियाें से की मुलाकात।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/32lUBcD

Share this

Artikel Terkait

0 Comment to "निवाड़ी जिले में बढ़ रहे कोरोना के मामले, नवागत कलेक्टर ने क्वारेंटाइन सेंटरों का किया निरीक्षण"

Post a Comment