प्रदेश में अब तक 601.4 मिमी बारिश हो जानी थी; पानी सामान्य से 8% कम 553.8 मिमी ही गिर सका

मध्य प्रदेश में बीते एक सप्ताह से लगातार बारिश होने के बाद भी इस सीजन में मानसून का कोटा अब तक पूरा नहीं हो पाया है। अब तक प्रदेश में 601.4 मिलीमीटर बारिश हो जानी चाहिए थी, लेकिन यह 553.8 मिलीमीटर ही हुई है। यह सामान्य से करीब 8% कम है। अगर पूर्वी मध्य प्रदेश की बात करें, तो यहां पर सामान्य से 10% कम बारिश हुई है। अब तक 673.3 मिलीमीटर बारिश हो जानी चाहिए थी, लेकिन 605.3 मिली मीटर ही पानी गिर पाया है। वहीं पश्चिमी मध्य प्रदेश में मानसून की स्थिति थोड़ी बेहतर है, लेकिन यहां पर भी अभी कोटे की बारिश नहीं हो सकी है। मानसून विभाग के द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अब तक 514.2 मिलीमीटर ही पानी गिरा है, जो सामान्य से करीब 6% कम है। 1 जून से लेकर अब तक 546.2 मिलीमीटर बारिश हो जानी चाहिए थी।

4 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हो चुकी
प्रदेश के चार जिलों में सामान्य से ज्यादा पानी गिर चुका है। ग्वालियर में 36%, सिंगरौली में 40%, खंडवा में 30% और बड़वानी में 24% सामान्य से ज्यादा बारिश हो चुकी है। जबकि धार, मंदसौर, शाजापुर, होशंगाबाद, नरसिंहपुर, बालाघाट, सागर, टीकमगढ़, गुना, कटनी और छतरपुर में सामान्य से काफी कम बारिश हुई है। इन 10 जिलों में 22% से लेकर 35% तक सामान्य से कम पानी गिरा है। शेष जिलों में सामान्य बारिश हुई है।

इस तरह मानते हैं सामान्य बारिश
मौसम विभाग सामान्य बारिश की गणना कुल हुई बारिश के प्रतिशत के अनुसार करती है। इसमें सामान्य से 19% ज्यादा और 19% कम बारिश होने को सामान्य बारिश माना जाता है। ऐसे में इसके अनुसार कुछ जगह सामान्य से ज्यादा और कुछ जगह सामान्य से कम बारिश होने पर भी उसे सामान्य बारिश ही माना जाता है। इससे अधिक या कम होने पर उसे रिकॉर्ड में ले लिया जाता है।

भोपाल के माता मंदिर स्थित प्लेटिनम प्लाजा का शाम 5 बजे का है। यहां पर स्मार्ट सिटी का काम भी जारी है। फोटो- अनिल दीक्षित

उमरिया में डेढ़ सौ मिलीमीटर तक बारिश हुई
प्रदेश में बीते 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश उमरिया में 152.8 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा डिंडोरी में 103 मिलीमीटर, दमोह में 75.6 मिलीमीटर और शहडोल में 71 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। पश्चिमी मध्य प्रदेश की बात की जाए, तो ग्वालियर के डबरा में 96.1 मिमी, सीहोर में 76 मिलीमीटर और गुना में 65 मिलीमीटर बारिश हुई।

बीते चौबीस घंटों में भोपाल की अपेक्षा इंदौर में ज्यादा बारिश हुई
महानगरों की बात की जाए, तो बीते 24 घंटों में इंदौर में अच्छी बारिश हुई है। यहां पर 21.7 मिलीमीटर तक पानी गिरा, जबकि जबलपुर में 3.7 मिमी, भोपाल में 0.9 मिलीमीटर, उज्जैन में 2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

अधिकतम तापमान में भी उछाल आया
राजधानी भोपाल में बारिश नहीं होने का असर तापमान पर भी पड़ा है। यहां शनिवार को अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1 डिग्री अधिक 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इंदौर में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम 27 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबलपुर में अधिकतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस कम 28.5 और न्यूनतम 23.9 डिग्री सेल्सियस सामान्य रहा। हालांकि ग्वालियर अभी भी सबसे गर्म है। यहां पर अधिकतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस सामान्य से अधिक 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि रात का पारा भी सामान्य से दो डिग्री अधिक 26.9 डिग्री सेल्सियस तक गया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
भोपाल में दो दिन से बादल छा रहे हैं। हल्की-फुल्की बारिश हो रही है, लेकिन अब भी लोगों को तेज बारिश का इंतजार है। मौसम विभाग ने राजधानी में 17 अगस्त को तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। फोटो- शान बहादुर


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3h26ivs

Share this

0 Comment to "प्रदेश में अब तक 601.4 मिमी बारिश हो जानी थी; पानी सामान्य से 8% कम 553.8 मिमी ही गिर सका"

Post a Comment